अजमेर, 14 दिसम्बर। सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों को अपने बीमा स्वत्व दावा प्रपत्र आगामी 31 दिसम्बर तक प्रस्तुत करना होगा।
राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग की उपनिदेशक सुनीता मीणा ने बताया कि वित्तीय वर्ष एक अप्रेल 2021 से 31 मार्च 2022 में सेवानिवृत होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बीमा पॉलिसी एक अप्रेल 2021 को परिपक्व हो रही है। अतः समस्त आहरण एवं वितरण अधिकारियों एवं वित्तीय वर्ष 2021-22 में सेवानिवृत होने वाले बीमेदारों को चाहिए कि बीमा स्वत्व दावा तुरन्त 31 दिसम्बर 2020 तक इस कार्यालय को विभाग के माध्यम से ऑनलाइन एवं हार्डकॉपी जिला कार्यालय को प्रेषित करावें, ताकि एक मार्च 2021 से पूर्व उनके स्वत्व दावो का निस्तारण करवाया जा सके। यहां यह भी उल्लेखनीय हैं कि एक अप्रेल 2021 के पश्चात इन प्रकरणों में किसी भी प्रकार का बोनस एवं ब्याज देय नहीं होगा। राज्य सरकार के मेडिकल ऑफिसर जिनकी सेवानिवृत आयु 60 से 62 एवं 65 वर्ष कर दी गई है, उनकी पॉलिसी की परिपक्वता तिथि स्वतः ही 62 एवं 65 वर्ष ही जाएगी। इन कर्मचारियों को परिपक्वता दावा भुगतान एक अप्रेल 2023 एवं एक अप्रेल 2026 में किया जाएगा।