अजमेर, 2 सितंबर । भूतपूर्व सैनिक श्री किशन लाल चौधरी, श्री भरत राज जाट, श्री नंद भंवर सिंह राठौड़, श्री सतवीर सिंह पूनिया और श्री सुरेश चंद्र शर्मा सहित 15 भूतपूर्व सैनिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आयोग अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने श्री सिंह को साफा एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए आयोग अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि “वन्स अ सोल्जर, ऑलवेज अ सोल्जर।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हमें जाति और धर्म के स्थान पर अपनी एक सैनिक की पहचान को हमेशा कायम रखना चाहिए और निरंतर राष्ट्र के हित में कार्य करते रहना चाहिए। मुलाकात के दौरान आयोग अध्यक्ष और भूतपूर्व सैनिकों के बीच सेना से जुड़े कई पुराने संस्मरण भी साझा किए गए।
भूतपूर्व सैनिकों के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह द्वारा आयोग की कमान संभालने के उपरांत प्रदेश के युवाओं में निष्पक्ष एवं समयबद्ध भर्तियों का भरोसा काफी बढ़ा है। सैनिकों ने इस बात पर जोर दिया कि सेना का कठोर अनुशासन और वहां का अनुभव किसी भी बड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारी को निभाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि एक फौजी अधिकारी के नेतृत्व का ही असर है कि मौजूदा समय में आयोग का कार्य भी सेना की तर्ज पर पूरी तरह से समयबद्ध, तीव्र गति और व्यवस्थित रूप से संचालित हो रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने आयोग की कार्यप्रणाली पर संतोष जताते हुए कहा कि जिस अनुशासन और निष्ठा के साथ कार्य हो रहा है, उसे देखकर यह स्पष्ट है कि प्रदेश के युवाओं का भविष्य अब पूरी तरह से सुरक्षित और सक्षम हाथों में है।
अंत में, अध्यक्ष ले. कर्नल केसरी सिंह ने मिलने आए सभी भूतपूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त किया और उनके द्वारा दिए गए मार्गदर्शन व शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।