जयपुर। भारतीय जनता पार्टी आगामी निकाय चुनावों और संगठनात्मक मजबूती को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद गजेंद्र सिंह पटेल 2 और 3 सितंबर को राजस्थान के मेवाड़ और वागड़ क्षेत्र के दो दिवसीय सघन संगठनात्मक प्रवास पर रहेंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, पटेल दो दिनों के दौरान विभिन्न जिलों में निकाय कोर कमेटी, चुनाव प्रबंधन समिति, वार्ड प्रभारियों, संयोजकों और बूथ अध्यक्षों के साथ मैराथन बैठकें कर चुनावी रणनीति को धार देंगे।2 सितंबर: चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और बांसवाड़ा में बैठकों का दौर
प्रवास के पहले दिन गजेंद्र सिंह पटेल सुबह 10:00 बजे चित्तौड़गढ़ के किला रोड स्थित श्रीनाथ वाटिका में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे वे सांवलिया सेठ मंदिर में दर्शन करेंगे। दोपहर 1:30 बजे प्रतापगढ़ के नक्ष होटल में संगठनात्मक बैठक होगी। शाम 4:30 बजे बांसवाड़ा स्थित भाजपा जिला कार्यालय और शाम 7:00 बजे कुशलगढ़ स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय में निकाय चुनाव प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों के साथ चर्चा होगी। पहले दिन का रात्रि विश्राम बांसवाड़ा में रहेगा।
3 सितंबर: डूंगरपुर, सलूम्बर, उदयपुर और राजसमंद में संवाद
दौरे के दूसरे दिन सुबह 10:00 बजे पटेल डूंगरपुर भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से रूबरू होंगे। दोपहर 12:00 बजे सलूम्बर के ओजस्वी उपवन वाटिका में समीक्षा बैठक रखी गई है। दोपहर 3:00 बजे वे उदयपुर के न्यू भोपालपुरा स्थित ‘द हिस्तोरिया रॉयल’ में पत्रकारों को संबोधित करेंगे। इसके बाद सायं 5:00 बजे उदयपुर में निकाय चुनाव प्रबंधन समिति और कोर कमेटी की बैठक होगी। दौरे के अंतिम चरण में रात 8:00 बजे नाथद्वारा (राजसमंद) के नवनीत प्रिया गार्डन में बैठक आहूत की गई है। उनका रात्रि विश्राम नाथद्वारा में रहेगा।
इस दो दिवसीय दौरे के माध्यम से भाजपा शीर्ष नेतृत्व मेवाड़-वागड़ अंचल में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर स्थानीय निकाय चुनावों में जीत का खाका तैयार करने की कवायद में जुटा है।