अजमेर, 30 जनवरी। नवजीवन योजना से जिले के अधिकतम पात्र व्यक्तियों को जोड़कर लाभान्वित करने के लिए निर्देश प्रदान किए गए। जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित की अध्यक्षता में जिले के पुलिस, प्रशासन तथा आबकारी विभाग के अधिकारियों की वीसी के माध्यम से बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में सरकार की जन कल्याणकारी नवजीवन योजना से अधिकतम पात्र व्यक्तियों को जोड़ने के निर्देश प्रदान किए गए। इसके लिए आबकारी विभाग द्वारा जिले में निवासरत पात्र परिवारों का चिन्हिकरण किया जाएगा। चिन्हीकरण के उपरांत इन परिवारों को सूचीबद्ध करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार शराब के पेशे से जुड़े व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रयासरत है। इन व्यक्तियों की पहचान कर उनके परिवारों को नवजीवन योजना से जोड़ा जाएगा। इस दिशा में विशेष संवेदनशीलता से कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति एवं परिवार को इस योजना से जोड़कर लाभान्वित किया जाएगा। अधिकतम व्यक्तियों को लाभान्वित करके आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़, जिला आबकारी अधिकारी श्री विशाल दवे, जिले के उपखण्ड अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उप अधीक्षक एवं आबकारी विभाग के अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।