विश्व हिंदू परिषद अजयमेरु महानगर , द्वारा प्रखंड क्र.3 में विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय प्रतिष्ठित व्यवसायी श्री मांगीलाल गुर्जर ने की तथा मुख्य वक्ता अजयमेरू विभाग के विभाग मंत्री श्री शशिप्रकाश इंदौरिया रहे। अतिथियों द्वारा भगवान श्री राम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। आचार संहिता के पश्चात मुख्य वक्ता श्री शशिप्रकाश इंदौरिया ने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना की आवश्यकता एवं उद्देश्य तथा विश्व हिंदू परिषद के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अपनी गौरवमयी विरासत एवं अस्तित्व को खोते जा रहे हिंदू समाज को संगठित कर सबल एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से 1964 में संघ के तत्कालीन सरसंघचालक माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर जी की प्रेरणा से स्वामी चिन्मयानंद जी के आश्रम में विश्व हिंदू परिषद की स्थापना की गई। विश्व हिंदू परिषद के प्रयत्नों से हिंदू समाज में समरसता का भाव उत्पन्न करने के लिए देश के सभी संतो को एक मंच पर लाकर उनके द्वारा घोषणा की गई “हिंदव: सोदरा सर्वे, न हिन्दू पतितो भवेत्।”
उन्होंने बताया कि हिंदू समाज को तोड़ने और हिंदू संस्कृति को विखंडित करने के लिए विधर्मियोंं के षड्यंत्र उच्च स्तर पर चल रहे हैं अतः अपने धर्म संस्कृति की रक्षा के लिए हम सभी को सन्नद्ध एवं सजग रहने की आवश्यकता है। जो धर्म की रक्षा करता है धर्म उसकी रक्षा करता है। विश्व हिंदू परिषद ने जो कार्य अपने हाथ में लिया उसे पूर्ण करके ही दिखाया। राम मंदिर निर्माण का कार्य भी उन्हीं में से एक है जो कि किसी समय में असंभव कार्य माना जाता था किंतु विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर संतो की प्रेरणा से विश्व हिंदू परिषद ने श्री राम जन्मभूमि मुक्ति अभियान चलाया तथा संपूर्ण देश भर में राम लला के नाम की लहर चला दी, दो बार कार सेवाएं हुई और बहुत से राम सेवकों ने अपने प्राणों का उत्सर्ग किया। अनेकानेक प्रकार की बाधाएं आई किंतु विश्व हिंदू परिषद ने अपने संकल्प को नहीं छोड़ा और अब वह दिन दूर नहीं जब हम अपनी आंखों से प्रभु राम के भव्य मंदिर का दर्शन कर पाएंगे। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री मांगीलाल गुर्जर ने सभी हिंदुओं को संगठित होकर विघटनकारी शक्तियों के समक्ष डटने का आह्वान किया कार्यक्रम का संचालन महानगर सह मंत्री श्री शेखर उबाना ने किया एवं शांति मंत्र तथा उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर समाजसेवी युवा बजरंगी श्री दिनेश गुर्जर भी उपस्थित रहे।