अजमेर, 26 नवंबर। राजस्थान लोक सेवा आयोग परिसर में नए ब्लॉक का शिलान्यास मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा 29 नवंबर, 2021(सोमवार) को दोपहर 12:15 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। आयोग के संयुक्त सचिव श्री आशुतोष गुप्ता ने बताया कि आयोग के कामकाज के विस्तार को देखते हुए आयोग परिसर में नवीन ब्लाक बनवाया जाना है। संयुक्त सचिव ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12:15 बजे मुख्यमंत्री महोदय के वीडियो कान्फ्रेंस में आगमन के साथ होगी। इस अवसर पर आयोग अध्यक्ष डॉ. भूपेन्द्र सिंह द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा। 12:20 पर आयोग सदस्य डॉ. शिव सिंह राठौड़ द्वारा स्वागत भाषण के बाद ब्लाक भवन का शिलान्यास 12:30 बजे मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के कर कमलों से किया जाएगा। नए ब्लॉक के शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर आरपीएससी मैन्युअल वॉल्यूम के प्रथम व द्वितीय खंड का विमोचन भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन दोपहर 1:00 बजे होगा। श्री गुप्ता ने बताया कि नए ब्लॉक के निर्माण की लागत लगभग 3 करोड 73 लाख रुपए अनुमानित है। इस मद में राज्य सरकार की और से 1 करोड़ 25 लाख रूपए जारी किए जा चुके हैं। उल्लेखनीय है कि आयोग का वर्तमान भवन वर्ष 2000 में बनाया गया था। वर्तमान भवन में लम्बे समय से स्थानाभाव महसूस किया जा रहा था। नए ब्लॉक के निर्माण के पश्चात विभिन्न अनुभागों को कार्य करने मे सहुलियत होगी।