अजमेर, 9 दिसम्बर। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा है कि कांग्रेस के शासनकाल में पिछले तीन साल में अजमेर में विकास कार्य के नाम पर एक भी ईंट नहीं लगी है। सभी विकास कार्य स्मार्टसिटी योजना के तहत कराए जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार की विफलताओं के खिलाफ अब कल शुक्रवार की बजाय 15 दिसंबर को कलेक्ट्रेट पर होने वाले ’’जन आक्रोश रैली’’ प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
देवनानी गुरूवार को ऋषि घाटी स्थित स्वर्णकार बगीची में अजमेर शहर भाजपा पृथ्वीराज मंडल की कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अजमेर में चाहे पाइप लाइनें बिछाने का काम हो या मेडिकल काॅलेज व नेहरू अस्पताल में सुविधाएं जुटाने का काम हो, सड़कें बनाने का काम हो या नालों और पुलियाओं का पुनर्निर्माण कराने का काम हो, सभी काम स्मार्टसिटी योजना के तहत कराए जा रहे हैं। यही स्थिति प्रदेशभर में है। कांग्रेस सरकार के खाते में एक भी उपलब्धि नहीं है और वह केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को अपने नाम बताकर जनता को भ्रमित कर रही है।
देवनानी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि उन्हें कांग्रेस सरकार की विफलताओं और केंद्र की भाजपा सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिजली की बढ़ती दरों, बढ़ते भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, महिलाओं पर बढ़ते दुष्कर्म के मामलों सहित कांग्रेस सरकार की विफलताओं को लेकर ही 15 दिसंबर को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं को ना केवल खुद भाग लेना चाहिए, बल्कि अपने साथ लोगों को भी लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता को पार्टी से जोड़ने का काम करना चाहिए, लोगों के घर-घर जाकर उन्हें भाजपा की रीति-नीति और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को बताना चाहिए।
शहर भाजपा के जिला प्रभारी बीरमदेव ने कहा कि 15 दिसंबर को जन आक्रोश रैली में बड़़ी संख्या में भाग लेकर कार्यकर्ताओं को पार्टी की ताकत बतानी चाहिए और कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रदर्शन से ही कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल बनेगा और हम उसे सत्ता से उखाड़ फेंकने में कामयाब होंगे। बैठक को मंडल प्रभारी महेंद्र पाटनी ने भी संबोधित किया। संचालन मंडल महामंत्री अनिल नरवाल ने किया। संचालन पंकज शैली ने किया। इस मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष योगेश शर्मा, पार्षद अंजलि ढन्जा, सुभाष जाटव, राजू साहू, धर्मपाल जाटव, जात्वेद सोनी, रमेश कौशल, संजय जैदिया, नरसिंह बंजारा, भारत सरवटे, मुकुल साहू, शफीक खान सहित बड़ी संख्या में मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सीडीएस रावत सहित सैन्य अधिकारियों की मृत्यु पर देवनानी ने जताया शोक
अजमेर, 9 दिसम्बर। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने तमिलनाडु के कुन्नूर में हैलीकाॅप्टर दुर्घटना में चीफ आॅफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत व उनकी पत्नी मधुलिका व 11 अन्य सैन्य अधिकारियों की निधन होने पर गहरा दुख और शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
देवनानी ने कहा कि रावत सहित सैन्य अधिकारियों की असमय मृत्यु से देश को बहुत बड़ी क्षति हुई है, जिसकी कभी भी भरपाई नहीं हो सकती है। बिपिन रावत का देश की रक्षा और दुश्मनों को मुंह तोड़ जवाब देने की क्षमता का कोई सानी नहीं था। देश ने एक कुशल सैन्य अधिकारी ही नहीं, बेहतर योद्धा खो दिया है। मृतकों में एक सैन्य अधिकारी अजमेर के रहने वाले हैं। इससे निश्चित रूप से अजमेर ने एक काबिल सैन्य अधिकारी खो दिया है।