श्री विजय शर्मा, महाप्रबंधक-उत्तर पश्चिम रेलवे ने विभागों के विभागाध्यक्षों तथा चारों मण्डलों के मण्डल रेल प्रबंधको के साथ संरक्षा बैठक की। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक अजमेर श्री नवीन कुमार परसुरामका सहित जयपुर, जोधपुर व बीकानेर मंडल के मण्डल रेल प्रबंधक वीडियों कान्फ्रेस के माध्यम से जुडे हुये थे। बैठक में श्री विजय शर्मा, महाप्रबंधक-उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेल संचालन में संरक्षित संचालन पर विषेष ध्यान देने के साथ ही 15-18 आयु वर्ग के वैक्सीनेशन हेतु चिकित्सा विभाग को विशेष प्रबंध करने के दिशा-निर्देश भी प्रदान किये।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार सर्वप्रथम बैठक में महाप्रबंधक महोदय ने सभी को नववर्ष के साथ ही इस वर्ष उत्तर पश्चिम रेलवे को राष्ट्रीय स्तर पर संरक्षा एवं सिविल इंजीनियरिंग निर्माण शील्ड मिलने पर सभी को बधाई दी। साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी उच्च कोटि के कार्य निष्पादन हेतु दिशा निर्देश प्रदान किए। महाप्रबंधक महोदय ने उत्तर पश्चिम रेलवे पर संरक्षा के लिए किए जा रहे अभिनव कार्यों की प्रशंसा करते हुए उसे और अधिक सुदृढ़ करने के लिए कहा। महाप्रबंधक महोदय ने कहा कि सुचारू होते रेल संचालन के साथ-साथ गाड़ियों की संख्या भी निरंतर बढ़ रही है, ऐसे में यात्रियों के प्रति रेलवे द्वारा सुरक्षित एवं संरक्षित संचालन की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। वर्तमान में जारी सर्दी के मौसम के दौरान रेल खंडों पर सतत निगरानी के साथ-साथ रेल पथ की मानिटरिंग भी सुचारू रूप से नियमित करने के निर्देश प्रदान किए। महाप्रबंधक महोदय साथ ही कहा की रेल पथ के साथ-साथ समपार फाटको पर भी संरक्षा का विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में महाप्रबंधक महोदय ने इस वित्तीय वर्ष में मार्च 2022 तक लक्षित परियोजनाओं को समय सीमा में पूर्ण करने के साथ ही उत्तर पश्चिम रेलवे पर लोडिंग बढ़ाने के लिए सकारात्मक प्रयास करने के निर्देश भी दिए।
‘रेल कौशल विकास योजना’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
‘रेल कौशल विकास योजना’ के अन्तर्गत वर्ष 2021-22 के आगामी बैच (फरवरी, 2022) के लिए अजमेर कारखाना समूह द्वारा लोको कारखाना एवं कैरिज कारखाना में हाई स्कूल उत्तीर्ण और 18 से 35 वर्ष के नवयुवकों/नवयुवतियों के लिए लघु अवधि (3 सप्ताह) प्रशिक्षण का आयोजन किया जा है। इस प्रशिक्षण में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मशिनिष्ट और वैल्डिंग ट्रेड सम्मिलित है। इस प्रशिक्षण हेतु उपरोक्त ट्रेड में ITI प्रमाण-पत्र धारक होना अनिवार्य नही है। इस प्रशिक्षण हेतु प्रशिक्षण शुल्क देय नही है, परंतु प्रशिक्षणार्थी को अपने रहने खाने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी | प्रशिक्षण हेतु केवल आवेदन ऑन लाइन ही स्वीकार्य है जिसकी अंतिम तिथि 18.01.2022 निर्धारित की गई है| इच्छुक अभ्यर्थी प्रशिक्षण हेतु आवेदन एवं विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाईट www.railkvy.indianrailways.gov.in का अवलोकन कर सकते है ।
मुख्य जनसम्पर्क निरीक्षक, अजमेर