केकडी 6 जनवरी(पवन राठी)
राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन का प्रारंभ प्राचार्य पीयूष कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुनील वर्मा राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए जीवन में सफलता प्राप्त करने के सूत्रों की जानकारी देते हुए अपना लक्ष्य निर्धारण करने की बात कही। इसके लिए छात्र निरंतर प्रयास करें।अपनी कमजोरियों को छुपाए नहीं। कभी भी डर से डरे नहीं, हमेशा सकारात्मक सोच रखें और स्वयं पर भरोसा रखें। कोई भी कार्य असंभव नहीं है इस बात का ध्यान रखें। अपने जीवन में आलस्य, प्रमाद को हावी नहीं होने दें। उन्होंने विवेकानंद के आदर्श वाक्य युवा जागृत हो गया तो देश निश्चित रूप से जागृत हो जाएगा की चर्चा करते हुए युवाओं को पूर्ण संकल्पित होकर राष्ट्र सेवा के लिए तत्पर होने की बात कही। डॉ देवेंद्र सोलंकी ने कहा कि जहां का युवा संकल्पित होता है वह देश विकसित होता है। भारत में सबसे ज्यादा युवा हैं और युवाओं के द्वारा बहुत सारे अभियानों में अपनी सजग साझेदारी की जा सकती है। स्वच्छता अभियान में भी युवा आगे बढ़कर अपने देश को स्वच्छ करने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं। प्राचार्य पीयूष कुमार गुप्ता ने छात्रों के उत्साह को बढ़ाते हुए कहा कि जिस तरह सेना में जज्बा होता है,उसी तरह स्वयंसेवकों में भी शिविर के दौरान यह जज्बा देखने को मिल रहा है। छात्रों को राष्ट्र सेवा मन से करने के लिए तत्पर होना होगा। कार्य करने के लिए पहले मैं उपस्थित हूं इस बात की धारणा पर चलना होगा। कार्यक्रम का संचालन डाॅ नीता चौहान ने किया। श्रमदान के अंतर्गत स्वयं सेवकों के द्वारा महाविद्यालय के पीछे के क्षेत्र की सफाई की गई। छात्रा सपना साहू, प्रियंका कुमावत, छात्र हर्षित तोषनीवाल, गोवर्धन कुमावत ने पत्र वाचन में भाग लिया।