अजमेर । छोटी नागफनी, टंकी के पास का इलाका एवं तारा शाह नगर आदि क्षेत्रों में गत लंबे समय से चली आ रही पानी की विकट समस्या को लेकर लगातार जलदाय विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर रहे नागरिकों का जल समस्या का निदान नहीं होने पर आखिर आज गुस्सा फूट ही पड़ा।
राजस्थान अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य एवं उपाध्यक्ष अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रताप सिंह यादव के नेतृत्व में आज सैकड़ों की संख्या में नागरिकों ने नल गोदाम के जिला कार्यालय पर भारी प्रदर्शन करके अपने आक्रोश का इजहार किया ।
उल्लेखनीय है कि नागफनी पानी की टंकी के पीछे तारा शाह नगर क्षेत्र के लिए पानी की समस्या के निदान के हेतु सरकार ने तीन पानी की टंकियां बनवाई हुई है । लेकिन अव्यवस्थित तरीके से जल वितरण के चलते और कई सालों से लगातार गैर तकनीकी तरीके से ,ऊपर से नीचे की ओर गलत तरीके से बेन की हुई लाइनों से कनेक्शन दे देने से ,ऊपरी क्षेत्र के लोगों को पानी मिलना बंद हो गया ।उसके बाद भी नीचे के क्षेत्र के लोग हेवी पावर की मोटर लगाकर पानी खींच लेते हैं। उससे ऊपरी क्षेत्र के लोगों को बिल्कुल भी पानी नहीं मिल रहा है।पानी के ऊपर सभी का सामान अधिकार है ,सभी को पानी मिलना चाहिए। लेकिन किसी को तो अतिरिक्त पानी मिल जाए और किसी को बिल्कुल भी ना मिले तो नागरिकों में गुस्सा बढ़ना तो स्वाभाविक है ।
सड़क के किनारे अथवा ऐसी जगह बसे हुए लोगों को तो जलदाय विभाग टैंकर के माध्यम से भी पानी की सप्लाई कर देता है । लेकिन जहां पानी का टैंकर नहीं पहुंच सकता वहां के लोगों के लिए पीने का पानी एक एक बूंद अमृत के समान है।जिसके लिए जलदाय विभाग पूर्ति करने में असफल साबित हो रहा है ।
अभी गर्मी का महीना चल रहा है।पारा 44-45 डिग्री तक बढ़ चुका है।इसके बावजूद क्षेत्र वासियों की पानी की आपूर्ति पूर्ण नहीं हो रही है ,पानी नहीं मिले तो नागरिकों ने आंदोलन को ही एकमात्र रास्ता माना और उन्होंने जोरदार आंदोलन करते हुए विभाग के कार्यालय के बाहर मटके फोड़े ।
प्रदर्शन के बाद अधिशासी अभियंता के बुलाने पर सभी नागरिको की ओर से एक शिष्टमंडल उनसे मिला। उन्हें अपनी पूरी बात समझाई। अधिशासी अभियंता ने उसी समय सारे सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंताओं को बुलाया और मामले की गंभीरता को समझते हुए सभी की उपस्थिति में गहन मंथन किया और नागरिकों के साथ ही मौके पर समस्या को समझा और उसका समाधान ढूंढ कर रिपोर्ट करने हेतु पूरी टीम को रवाना किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि 1 सप्ताह में इन क्षेत्रों के समस्या का पूरी तरह निदान कर दिया जाएगा व कल से ही नियमित पानी की सप्लाई की जाएगी ।
इस अवसर पर प्रताप सिंह यादव,अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी एस.सी. विभाग के उपाध्यक्ष सौरभ यादव, धर्माराम गुर्जर,वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ता बदरूद्दीन कुरैशी, मेहरून्निसा,रोजिना बेगम,नीतू, मकसूदा,कमरू निशा,मोहम्मद सलीम मोहम्मद मदीन नौशाद अली नौशाद मलिक सैकड़ों नागरिक शामिल थे।
सौरभ यादव
उपाध्यक्ष : अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग