-पदमश्री डॉ. चंद्रप्रकाश देवल, पूर्व रक्षा सचिव अजय विक्रम सिंह, उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधिपति महेंद्र माहेश्वरी, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जोरावर सिंह एवं ख्याति प्राप्त चित्रकार श्रीराम जायसवाल से उनके निवास स्थान पर जाकर मिले
-पांचों विशिष्टजन ने मोदी की कार्यशैली और कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि अब दुनिया में भारत को सम्मान दिया जाने लगा है
अजमेर, 13 जून। पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल आठ साल पूरे होने पर अजमेर में भाजपा के विशिष्ट सम्पर्क अभियान का आगाज सोमवार को किया। उन्होंने पहले दिन पदमश्री डॉ. चंद्रप्रकाश देवल, पूर्व रक्षा सचिव अजय विक्रम सिंह, उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधिपति महेंद्र माहेश्वरी, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जोरावर सिंह एवं देशभर में ख्याति प्राप्त चित्रकार श्रीराम जायसवाल से उनके निवास स्थान पर मुलाकात कर मोदी सरकार के सफलतम 8 वर्षों की उपलब्धियों का पत्रक भेंट किया।
देवनानी से बातचीत के दौरान इन सभी विशिष्टजन ने कहा कि देश में मोदी सरकार बहुत ही अच्छा काम कर रही है। जब से मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, दुनियाभर में भारत की ख्याति बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि मोदी ने अनेक देशों के साथ भारत के संबंध बढ़ाने और उन्हें मजबूत बनाने में महत्ती भूमिका निभाई है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि जो देश किसी समय बात-बात पर भारत को आंख दिखाते थे, वह अब भारत का सम्मान करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी से बड़ी समस्याओं का हल करने में मोदी का कोई मुकाबला नहीं है। यही नहीं, मोदी ने पिछले आठ साल के शासन में गरीब, किसान, युवा, महिला, दलित आदि वर्गों को ध्यान में रखकर कल्याणकारी योजनाएं चालू की हैं। मोदी के स्वच्छ भारत मिशन और उज्जवला योजना की चर्चा करते हुए विशिष्टजन ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन में जब मोदी ने खुद सड़कों पर सफाई की, तो इससे देशभर में लोगों में जागरूकता आई। यही कारण है कि आज खुले में शौच से लोगों को मुक्ति मिली है। उज्जवला योजना के तहत निशुल्क गैस कनेक्शन देने से महिलाओं को काफी राहत मिली है और चूल्हा फूंकने की समस्या से निजात मिलने से उनके स्वास्थ्य में भी सुधार हुआ है। इसी प्रकार एलपीजी गैस में लीकेज बंद होने के साथ ही बिचैलियों की भूमिका खत्म हो गई है।
देवनानी ने कहा कि मोदी नए भारत के शिल्पकार हैं। नए भारत का अर्थ एक सशक्त, सक्षम, समर्थ और आत्मनिर्भरता की भावना से युक्त भारत है। यह सुखद है कि पिछले 8 वर्षों में इस भारत की आधारशिला रखने का काम मोदी ने किया है। मोदी के नेतृत्व में भारत ने पूरे विश्व को राह दिखाई है। आज विश्व में भारत का डंका बज रहा है। शक्तिशाली देश भी भारत के सुशासन के कायल हैं। विश्व स्तर पर अनेक मामलों में भारत की बात को वजन दिया जाने लगा है। केंद्र सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचर और तुष्टिकरण की नीति को दूर रखकर गरीबों, महिलाओं, किसानों और युवाओं को केंद्र बिंदु मानकर इन योजनाओं का खाका तैयार किया गया है। गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। पूर्व महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, शहर भाजपा के महामंत्री व पार्षद रमेश सोनी एवं दाहरसेन मंडल के अध्यक्ष व पार्षद दीपेन्द्र लालवानी भी उनके साथ रहे।