अमर कुंज में मनाएंगे 24वां दुर्गा पूजा महोत्सव

बंगाल के कारीगरों ने बनाई प्रतिमाएं, दस दिन होंगे कई धार्मिक आयोजन
ब्यावर, 25 सितंबर। कोरोना काल में लागू सभी पाबंदियां हटने से इस वर्ष दो साल बाद शारदीय नवरात्रि पर्व पहले की तरह धूमधाम और हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। शहर में अजमेर रोड स्थित अमर कुंज में 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक 24वां दुर्गा पूजा महोत्सव मनाएंगे। यहां श्री दुर्गा पूजा महोत्सव समिति की ओर से दस दिन तक कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
समिति के महामंत्री गोपाल शर्मा ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव की शुरूआत 26 सितंबर को मंगल कलश यात्रा से हाेगी। सोमवार सुबह 10 बजे फतेहपुरिया बगीची से अमर कुंज तक कलश यात्रा का आयोजन होगा। इसमें महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी। सुमधुर बैंड के साथ पुरूष भक्त जयकारे लगाते चलेंगे। अमर कुंज में पूजन और विधिवत मंत्रोच्चार के बीच कलश व घट स्थापना की
जाएगी।

अमर कुंज में विराजित देवी दुर्गा की प्रतिमा
समिति अध्यक्ष कानप्रकाश सिंहल ने बताया कि अमर कुंज में मां अंबे के साथ प्रथम पूज्य देव गणेश, विद्या की देवी सरस्वती, धन की देवी लक्ष्मी और भगवान कार्तिकेय की नयनाभिराम प्रतिमाएं विराजित की जाएगी। पंडित महावीर शर्मा व पंडित विजय दाधीच के सानिध्य में विशेष पूजा-अर्चना होगी। यहां राेजाना सुबह 7.30 और शाम 7.30 बजे आरती की जाएगी। रात 8 बजे से पौराणिक प्रसंगों पर आधारित सजीव आकर्षक झांकियां सजाई जाएगी। रात 8.30 बजे से महिलाएं व बालिकाएं गरबा करेंगी। नौ दिवसीय कार्यक्रम का संचालन सुमित सारस्वत करेंगे। आगामी एक अक्टूबर को विशाल भजन संध्या में विख्यात भजन गायिका सुमन सोनी भजनों की गंगा बहाएंगी। दो अक्टूबर को छप्पन भोग व तीन अक्टूबर को महाआरती का आयोजन होगा। अमर कुंज में प्रतिमाओं का निर्माण बंगाली मूर्तिकार कृष्णा मालाकार ने किया है। आयोजन स्थल पर सतरंगी रोशनी से भव्य पांडाल सजाया है। रविवार को समिति सदस्यों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

error: Content is protected !!