सुधासागर स्कूल के आरूष अग्रवाल का राज्य स्तर पर टॉप10 में चयन
केकड़ी 26 नवंबर(पवन राठी) कस्बे की सुधासागर दिगंबर जैन विद्या विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा नौ के छात्र आरूष अग्रवाल पुत्र आनंदस्वरूप चौकडीवाल का राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय पोस्टर चित्रकला प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ दस प्रतिभागियों में चयन किया गया। प्रधानाचार्य एस एन खंडेलवाल ने बताया कि यह प्रतियोगिता पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, जयपुर द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में आयोजित की गई, जिसमें कक्षा नौ के छात्र आरुष अग्रवाल ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टॉप10 में जगह बनाई। छात्र आरुष को पुरस्कार के रूप में प्रशस्ति पत्र, साढ़े सात हजार रुपये की नगद राशि, बैग, बोतल, बल्ब व टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में सुधासागर स्कूल के ही एक अन्य प्रतिभागी छात्र कक्षा सात के दक्ष चौधरी पुत्र इंद्रपाल चौधरी को भी अच्छे प्रदर्शन के लिए दो हज़ार रुपये की नगद राशि, बैग, बल्ब, बोतल व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। इस उपलब्धि पर संस्था के अध्यक्ष संजय कटारिया व सचिव आनंद सोनी ने प्रतिभावान छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। स्कूल निदेशक अजय जैन व विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रों का अभिनंदन किया।
