अजमेर 5 फरवरी। जिला स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन सोमवार 6 तथा मंगलवार 7 फरवरी को कायड़ विश्राम स्थली में होगा।
महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक डॉ. श्री गोपाल बाहेती ने बताया कि सोमवार को प्रातः 9 बजे से शिविर में पंजीयन आरंभ होंगे। शिविर का शुभारंभ झंडारोहण एवं राष्ट्रगान से होगा। शिविर में प्रतिभागियों को गांधी दर्शन से रूबरू कराया जाएगा। इसमें देश के ख्यातनाम गांधीवादी विचारक अपने विचार व्यक्त करेंगे। साथ ही सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी संबंधित विभागों द्वारा प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कार्यकम का शुभारंभ सोमवार को झंडारोहण के साथ प्रातः 11:30 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य वक्ता श्री सतीश राय तथा महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के कुलपति श्री अनिल कुमार शुक्ला गांधी दर्शन पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। साथ ही गांधी दर्शन पर डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की जाएगी। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग ,नगरीय निकाय विभाग उच्च शिक्षा विभाग ,ऊर्जा विभाग, वन विभाग ,रोजगार विभाग तथा आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की योजनाओं के बारे में विभागीय अधिकारियों द्वारा जानकारी प्रदान की जाएगी।