देवनानी पहुंचे सुभाष उद्यान, मॉर्निंग वॉक व योग करने वालों को मोदी की सभा के लिए बांटे पीले चावल

अजमेर, 26 मई। पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी शुक्रवार को सुबह सुभाष उद्यान पहुंचकर मॉर्निंग वॉक व योग करने के लिए आए सभी आयु वर्ग के लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 31 मई को अजमेर में होने वाली आमसभा के लिए पीले चावल बांटकर न्योता दिया। उनके साथ महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने भी सहभागिता निभाई।
देवनानी टी शर्ट पहन कर जब उद्यान में लोगों के बीच पहुंचे, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। देवनानी ने सभी से बात करते हुए उन्हें पीले चावल बांटे और मोदी की सभा में आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मोदी ने जब से बागडोर संभाली, तब से देश उत्तरोतर प्रगति कर रहा है। मोदी सरकार ना केवल चहुंमुखी विकास पर ध्यान दे रही है, बल्कि बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों के विकास पर भी पूरा फोकस कर रही है।
देवनानी ने कहा कि सभी लोगों को मोदी की सभा में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लेना चाहिए। मोदी के नौ वर्ष का कार्यकाल 31 मई को पूरा हो रहा है और वे इस दिन को अजमेर में मना रहे हैं। इससे जाहिर होता है कि मोदी का अजमेर से विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि मोदी हमेशा विजन लेकर काम करते हैं। इसीलिए देश की विदेशों में खासी धाक जमी है। देवनानी ने मॉर्निंग वॉक करने वालों के साथ वॉक और योग करने वालों के साथ कुछ समय योग भी किया। देवनानी को अपने साथ देखकर लोगों काफी खुश हुए। उन्होंने मोदी की अजमेर यात्रा को लेकर काफी उत्साह दिखाते हुए कहा कि वे मोदी की सभा में जरूर आएंगे। देवनानी के साथ भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव, सरोज चौधरी, रेनू यादव, लक्ष्मी यादव, सुधा अजमेरा आदि रहीं।

error: Content is protected !!