वासुदेव देवनानीअजमेर 28 अक्टूबर। पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री और अजमेर उत्तर से भाजपा प्रत्याशी वासुदेव देवनानी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से जारी की गई पांच गारंटीयों को चुनावी झुनझुना बताया। देवनानी ने कहा कि इन गारंटीयों को पूरा करने से पहले मुख्यमंत्री यह बताएं कि सत्ता में आने के बाद किसानों की कर्ज माफी, युवाओं को बेरोजगारी भत्ता, महिलाओं को सुरक्षा जैसे वादों का क्या हुआ। देवनानी ने कहा कि 5 साल तक मुख्यमंत्री जनता की सेवा से भागते रहे और अब जब चुनाव नजदीक आए हैं तो तरह-तरह की गारंटी लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। देवनानी ने कहा कि सरकारी महाविद्यालय में प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप और टैबलेट देने की घोषणा से पहले मुख्यमंत्री यह बताएं कि पूर्व में लैपटॉप देने की योजनाओं का क्या हश्र हुआ है। इसके साथ ही ओल्ड पेंशन स्कीम पर कानून बनाने की गारंटी पर भी देवनानी ने तंज कसा और कहा की मुख्यमंत्री चुनाव के वक्त सरकारी कर्मचारियों को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं। अगर वह चाहते तो जिस वक्त ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की इस वक्त कानून भी ला सकते थे। देवनानी ने कहा कि कांग्रेस शासन के 5 साल में हुए भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान ,पेपर लीक की लगातार घटनाओं से गुस्साए युवाओं और महिला अपराध के बढ़ते आंकड़ों से गुसाईं नारी शक्ति से कांग्रेस घबरा गई है। ऐसे में अब उन्हें लुभाने के लिए इस तरीके के चुनावी झुनझुना ला रही है। लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है और परिवर्तन लाने के लिए कमर कसकर तैयार है।