विद्यार्थी सीखें पानी, बिजली बचाना, पर्यावरण एवं जलवायु संरक्षण- देवनानी

विधानसभा अध्यक्ष ने किया मयूर स्कूल में ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन
नेशन फर्स्ट की भावना के साथ जीवन में आगे बढ़ें

अजमेर, 31 मई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि विद्यार्थी व्यक्तिगत हित के बजाए नेशन फर्स्ट की भावना के साथ आगे बढ़ें। पानी और बिजली बचत की आदतों को नियमित रूप से जीवन में अपनाएं। पर्यावरण और जलवायु संरक्षण के लिए आगे आएं।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को मयूर स्कूल में ग्रीष्मकालीन शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री देवनानी ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। उनका आज का आचरण और सकारात्मक आदतें आने वाले समय में देश के विकास की नीवं बनेगा। विद्यार्थी अपने शिक्षाकाल में ही अच्छी आदतों को जीवन में अपनाएं। आज पूरे विश्व के समक्ष पर्यावरण और जलवायु संरक्षण की चुनौतियां हैं। इस गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। हम सभी पर्यावरण हितैषी आदतों को जीवन में आत्मसात करें। जलवायु संरक्षण के प्रयासों को अभी से शुरू कर दें तो आने वाले समय में अच्छे परिणाम हासिल होंगे। पानी और बिजली बचत की आदतें हमें अपने जीवन में अंगीकार करनी होंगी।
उन्होंने कहा कि युवा नेशन फर्स्ट की भावना से जीवन का प्रत्येक काम करें। स्वयं के लिए काम करने से पहले सोचें कि मेरे देश के लिए क्या सही है। यही राष्ट्रवाद भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाएगा। दृढ़ आत्मविश्वास व्यक्ति के चरित्रा की सर्वाधिक उपयोगी विशेषता है। किसी भी परिस्थिति में मानसिक संतुलन बनाए रखें। मन से ईगो, तनाव और निराश को सदैव दूर रखें। जिस तरह हम खेल में टीम भावना से आगे बढ़ते हैं, उसी तरह जीवन में भी टीम भावना को आगे रखें।
उन्होंने कहा कि आज का सुयोग्य विद्यार्थी कल का सुयोग्य नागरिक बनेगा। विद्यार्थी शिक्षा व खेलों को जीवन में इसी तरह अपनाएं कि भविष्य में वे आगे बढ़ सकें। इस अवसर पर हॉर्स राइडिंग, आर्ट एण्ड क्राफ्ट, स्वीमिंग सहित अन्य शिविरों के प्रशिक्षणार्थियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्राचार्य संजय खाती सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!