सबके साथ और सहमति से होगा पुष्कर का विकास- रावत

जल संसाधन मंत्री ने ली पुष्कर उपखण्ड की बैठक
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति के निर्देश
व्यवधानरहित और निश्चित अवधि में हो बिजली की आपूर्ति
विधानसभा क्षेत्र की सड़का का होगा सर्वे, योजनाबद्ध ढंग से करवाएंगे निर्माण

अजमेर, 19 जून। जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि पुष्कर का विकास सबके साथ और सहमति से होगा। सभी पक्षों को सुना जाएगा और सबकी सहमति से ही काम होंगे। किसी को आशंकित होने की जरूरत नहीं है। बिजली, पानी व सड़क संबंधी कार्य योजनाबद्ध होंगे। क्षेत्र में निर्बाध व नियमित बिजली-पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। सड़कों का सर्वे करवाकर तय समयावधि में निर्माण व पेचवर्क होगा।
जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने बुधवार को पुष्कर उपखण्ड कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली एवं जनसुनवाई की। उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों का निर्देश दिए कि पुष्कर के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में नियमित अंतराल एवं पूरे प्रेशर से जलापूर्ति करें। अमृत योजना व जल जीवन मिशन के तहत योजनाबद्ध काम हो। उन्होंने कहा कि होकरा, कानस, नेडल्या, देवनगर, खोरी, कंवलाई, कड़ैल, तिलोरा, बांसेली, चावंडिया, गनाहेड़ा, गोवलिया, किशनपुरा एवं विधानसभा क्षेत्र के अन्य सभी गांवों में पेयजल आपूर्ति हमारी प्राथमिकता है। इस काम को मिशन मोड में किया जाए ताकि ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की जनता को पर्याप्त पेयजल मिल सके।
श्री रावत ने सड़कों की समीक्षा करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि पुष्कर विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का सर्वे करें। सभी सड़कों की वास्तविक स्थिति पता करें और प्राथमिकता के आधार पर उनका नव निर्माण, पेचवर्क व रिपेयर करें। जो भी ठेकेदार घटिया क्वालिटी का काम कर रहा है, उसे ब्लैकलिस्टेड करें। जलदाय विभाग यह योजना बनाए कि ट्यूबवैल व कुंओं से भी स्थानीय जलापूर्ति की जा सके। पानी के स्टोरेज व वितरण का काम योजनाबद्ध हो। अधिकारी फील्ड में रहें ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो।
जल संसाधन मंत्री ने पुष्कर से गोविन्दगढ़ रोड़, देवनगर से पुष्कर रोड़, खरेकड़ी से पुष्कर, खरेकड़ी से ब्यावर नेशनल हाइवे, नौसर से पुष्कर रिंग रोड एवं अन्य सड़कों के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध, ट्रिपिंग रहित व पूरी बिजली दें।

उन्होंने पुष्कर उपखण्ड अधिकारी को निर्देशित किया कि इस बार पुष्कर के अन्तरराष्ट्रीय मेले की तैयारियां अगले महीने से ही शुरू कर दें। विभिन्न विभागों को बारिश से पूर्व फीडल सफाई एवं अन्य काम पूरा करने को कहा गया। उपखण्ड कार्यालय में बड़ी संख्या में पुष्कर व आसपास के क्षेत्र के नागरिक अपनी समस्या लेकर आए। श्री रावत ने हाथों-हाथ समस्याओं के निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर पुष्कर कॉरिडोर के मामले पर उन्होंने कहा कि पुष्कर का विकास सभी के साथ और सहमति से होगा। किसी भी व्यक्ति को आशंकित होने की जरूरत नहीं है। इस अवसर पर पुष्कर पालिका अध्यक्ष श्री कमल पाठक एवं उपखण्ड अधिकारी श्री निखिल कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

जल संसाधन मंत्री श्री रावत ने ली उपखण्ड स्तरीय समीक्षा बैठक
अजमेर, 19 जून। जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने बुधवार को रूपनगढ़ उपखण्ड कार्यालय में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इसमें पानी, बिजली, सड़क तथा स्वास्थ्य से सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को आमजन को राहत पहूंचाने के निर्देश दिए।
उपखण्ड अधिकारी श्री मुकेश चौधरी ने बताया कि जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान रूपनगढ़ उपखण्ड के प्रमुख विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली। इसमें पानी, बिजली, स्वास्थ्य तथा सड़क जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। सामुदायिक चिकित्सालय में मानवीय संसाधन पूरी तरह से उपलब्ध हो। चिकित्सालय की एम्बुलेन्स नियमित कार्यशील रहे।
जल संसाधन मंत्री श्री रावत ने कहा कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा अन्तिम सिरे तक पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य तय कर कार्य किया जाए। इसके लिए क्षेत्र के समस्त अवैध कनेक्शन काटें। इसमें पुलिस का सहयोग लें। अवैध कनेक्शन काटने पर विरोध करने वालों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करावें। समस्त अधिकारी क्षेत्र का नियमित भ्रमण करेंगे। स्थानीय अधिकारी कलस्टर बनाकर पेयजल सप्लाई की मॉनिटरिंग करें। जिला स्तरीय अधिकारी स्थानीय अधिकारियों तथा जन प्रतिनिधियों से नियमित सम्पर्क कर पेयजल व्यवस्था में सुधार करें। जल जीवन मिशन की निविदाएं तत्काल जारी हो।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक निर्माण विभाग क्षेत्र की समस्त सड़कों को मोरटेबल कर दें। यह कार्य मानसून से पहले पूर्ण कर लें। मरम्मत योग्य सड़कों की मरम्मत भी समय पर करें। इसी प्रकार मरम्मत नहीं हो सकने वाली सड़कों के पुर्ननिर्माण के प्रस्ताव भी तैयार करवाएं। सड़क किनारे उगी झाड़ियों को कटवाकर क्लीयर विजन रोड़ बनाएं। रूपनगढ़ ने नरैना सड़क निर्माण के दौरान आबादी क्षेत्र में सीसी रोड़ बनवाएं। बिजली विभाग के अधिकारियों को सिंगल फेज कनेक्शन 3 दिन में जारी करने के निर्देश दिए। ढ़ीले और झूलते तारों को दुरस्त करे। मानसून से पहले विद्युत तन्त्र को दुरस्त कर लें। विद्युत लाईनों के नीचे की झाडियों को कटवाए। डूब क्षेत्र के ट्रांसफार्मर को अन्यंत्र स्थापित करें। नरेगा के साथ कन्वजैन्स करके सड़क निर्माण हो।
इस अवसर पर किशनगढ़ के प्रधान श्री रामचन्द्र थाकण, विभिन्न गांवों के सरपंच, तहसीलदार श्रीमती कीर्ती भारद्वाज, विकास अधिकारी श्री महेश चौधरी, अधीक्षण अभियन्ता श्री भुवनेश्वर अग्निहोत्री, श्री गिरीराज प्रसाद गुप्ता विभागीय अधिकारी उपस्थित रहेे।

जल संसाधन मंत्री ने की जनसुनवाई
अजमेर, 19 जून। जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने बुधवार को रूपनगढ़ उपखण्ड कार्यालय में जन सुनवाई कर आम जन को राहत प्रदान करने के लिए अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए। क्षेत्र से बड़ी संख्या में आए नागरिकों में अपनी परिवेदनाएं रखी। उपखण्ड अधिकारी श्री मुकेश चौधरी ने बताया कि जन सुनवाई में 54 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनका संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने के लिए विभागीय अधिकारियों से चर्चा की। भिलावट गांव के तालाब में उगी झाड़ियों को हटाने के निर्देश प्रदान किए गए। सिनोदिया ग्राम के श्री अरूण द्वारा बिजली के वोल्टेज में उतार-चढ़ाव तथा अवैध कनेक्शन की समस्या बताई। इसका निराकरण एक सप्ताह में करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। सिणगारा ग्राम का हैण्ड पम्प भी मरम्मत किया जाएगा। इसके लिए सामग्री ग्राम पंचायत द्वारा दी जाएगी। तकनीकी सहयोग जलदाय विभाग द्वारा आगामी 2 दिन में उपलब्ध करवाने के लिए कहा। करकेड़ी में पेयजल पाईप लाईन से राहत पहूंचाने के निर्देश दिए। मोतीपुरा गांव में ट्वूबवेल से पेयजल लाईन से राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर किशनगढ़ के प्रधान श्री रामचन्द्र थाकण, विभिन्न गांवों के सरपंच, तहसीलदार श्रीमती कीर्ती भारद्वाज, विकास अधिकारी श्री महेश चौधरी, अधीक्षण अभियन्ता श्री भुवनेश्वर अग्निहोत्री, श्री गीरीराज प्रसाद गुप्ता, श्री मूलचन्द राईका, श्री डी.सी. किरण सहित गणमान्य नागरिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!