अजमेर, 25 अगस्त 2024: अजमेर की मुख्य सड़कों पर गड्ढों और क्षतिग्रस्त सीवरेज चैंबर्स की समस्या गंभीर होती जा रही है। ये गड्ढे न केवल चालकों के लिए असुविधा का कारण बन रहे हैं, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ा रहे हैं। बारिश के मौसम में स्थिति और विकट हो गई है, जिससे आम नागरिकों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
अजमेर शहर व्यापार महासंघ के प्रवक्ता सीए विकास अग्रवाल और प्रवक्ता कमल गंगवाल ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि वे संबंधित विभागों को निर्देश दें कि सड़कों की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू हो और सीवरेज चैंबर्स को दुरुस्त किया जाए। शहर के कई स्थानों पर सीवरेज लाइन के चैंबर धंस गए हैं या टूट गए हैं, जिसके कारण सीवरेज का पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे न केवल आम नागरिकों को परेशानी हो रही है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
महासंघ के अध्यक्ष किशन गुप्ता ने भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि शहर की विभिन्न सड़कों पर बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं और व्यापारियों को भी इस समस्या के चलते भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुप्ता ने कहा कि बारिश के मौसम में सड़कों पर जलभराव के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है।
महासंघ ने जिला कलेक्टर से अपील की है कि वे तुरंत कार्रवाई करें और संबंधित विभागों को निर्देश दें कि वे सड़कों की मरम्मत और सीवरेज चैंबर्स की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा करें।
मांग करने वालों में भगवान चंदीराम, नरेंद्र सिंह छाबड़ा, अशोक बिंदल, प्रवीण जैन, विवेक जैन, राकेश डीडवानिया, कमल गंगवाल, सीए विकास अग्रवाल, जय गोयल, विजय पांड्या, संपत कोठारी, जरनैल सिंह, गिरीश लालवानी, राजकुमार गर्ग, हीरालाल जीनगर, राजीव जैन निराला, बालेश गोहिल आदि शामिल हैं।
सीए विकास अग्रवाल
प्रवक्ता, अजमेर शहर व्यापार महासंघ
मो. 9829535678