4 व 5 नवम्बर को भी विभिन्न कार्यक्रमों का होगा आयोजन
अजमेर, 2 नवम्बर। श्री पुष्कर मेला-2025 के अन्तर्गत सोमवार, 3 नवम्बर को अंतरपंचायत समिति ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ-साथ पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती, मेला मैदान मंच पर पुष्कर की आवाज स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियों के पश्चात रूप कुमार राठौड़-सोनाली राठौड़ द्वारा बॉलीवुड नाइट की प्रस्तुति होगी।
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. सुनील घीया ने बताया कि श्री पुष्कर मेला-2025 का भव्य आयोजन हो रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार 3 नवम्बर को मेला मैदान में प्रातः 9 बजे लगान शैली आधारित क्रिकेट मैच होगा। मेला मैदान में विदेशियों के लिए पगड़ी बांधना, तिलक प्रतियोगिता एवं मूंछ प्रतियोगिता होगी। दिनभर शिल्पग्राम पुष्कर में फुड एण्ड क्राफ्ट महोत्सव चलेगा। दोपहर एक बजे अंतरपंचायत समिति ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं आयोजित होगी। सायं 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती होगी। मेला मैदान मंच पर पुष्कर की आवाज स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियों के पश्चात रूप कुमार राठौड़-सोनाली राठौड़ द्वारा बॉलीवुड नाइट की प्रस्तुति होगी।
उन्होंने बताया कि मंगलवार 4 नवम्बर को भी प्रातः से रात्रि तक शिल्पग्राम पुष्कर में फूड एण्ड क्राफ्ट महोत्सव चलेगा। मेला मैदान में प्रातः 10.30 बजे महिलाओं के लिए मटका रेस एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता होगी। दोपहर एक बजे अंतरपंचायत समिति ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं आयोजित होगी। पुष्कर सरोवर घाट पर सायं 6 बजे महाआरती होगी। मेला मैदान मंच पर सायं 6.30 बजे पुष्कर की आवाज स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियाँ दी जाएगी। इसके पश्चात श्रीराम भारतीय कला केंद्र द्वारा रामायण एवं रात्रि 9.30 बजे से कवि सम्मेलन होगा।
उन्होंने बताया कि बुधवार 5 नवम्बर को मेला मैदान में प्रातः 9 बजे समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम और कला जत्था यात्रा, मटका दौड़, चम्मच दौड़ तथा रस्साकस्सी प्रतियोगिताओं के विजेताओं के लिए पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम होगा। साथ ही उष्ट्र तथा अश्व प्रदर्शन होंगे। सायं 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट में पुष्कर महाआरती होगी।
अब तक आए 6609 पशु
अजमेर, 2 नवम्बर। श्री पुष्कर पशु मेला 2025 में अब तक 6609 पशुओं की आमद दर्ज की गई है। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. सुनील घीया ने बताया कि पुष्कर मेले में लगातार पशुओं की आमद जारी है। अब तक 6609 पशु आए हैं। इनमें से 5162 राजस्थान के अंदर के तथा 1447 राजस्थान से बाहर के पशु हैं। आए पशुओं में गौ वंश के 107 तथा भैंस वंश के 37 है। उष्ट्र वंश के कुल 1576 में से 1573 राजस्थान के अंदर के तथा 3 राजस्थान से बाहर के हैं। इसी प्रकार अश्व वंश के कुल 4887 पशुओं में से राजस्थान के अंदर के 3460 तथा राजस्थान से बाहर के 1427 है। इसके अतिरिक्त भैड़-मेढा तथा बकरा-बकरी पशुओं की भी आमद दर्ज की गई है।
अब तक 702 पशुओं की हुई बिक्री
अजमेर, 2 नवम्बर। श्री पुष्कर पशु मेला-2025 में गुरूवार को सफेद चिट्ठी कटने के साथ ही पशुओं का व्यापार आरम्भ हुआ। अब तक 702 पशुओं की बिक्री दर्ज की गई है। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक श्री सुनील घीया ने बताया कि भैसवंश के 6, उष्ट्र वंश के 222 पशु, अश्ववंश के 474 पशु बिके।
श्री पुष्कर मेला 2025
पुष्कर मेले का स्थानीय अवकाश मंगलवार को
अजमेर, 2 नवम्बर। जिले में पुष्कर मेले का स्थानीय अवकाश मंगलवार 4 नवम्बर को रहेगा। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पुष्कर मेले के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।