नागफणी तिराहे पर हाईमास्क लाईट का किया लोकार्पण

अब तक क्षेत्र में 8 जगह स्थापित की गई है हाईमास्क लाईटें

अजमेर, 29 नवम्बर। शहर को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और प्रकाशमान बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने नागफणी तिराहे पर नवस्थापित हाईमास्ट लाइट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने हाईमास्ट लाइट को क्षेत्रवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि नगर की विकास यात्रा में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। बेहतर रोशनी न केवल सुरक्षा को बढ़ाती है, बल्कि शहर के सौंदर्यीकरण, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधा को भी सुदृढ़ करती है।

लोकार्पण समारोह में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए श्री देवनानी ने कहा कि शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर हाईमास्ट लाइटों की स्थापना एक योजनाबद्ध प्रयास के तहत की जा रही है। उन्होंने बताया कि रात्रिकालीन समय में यातायात सुचारू रहे, पैदल राहगीरों को सुविधा मिले और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। इन्हीं उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए प्रकाश व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। हाईमास्ट लाइटों की शुरूआत से आसपास के क्षेत्रों में उजाला बढ़ेगा। इससे नागरिकों में सुरक्षा का भाव और सुदृढ़ होगा।

उन्होंने कहा कि शहर के विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न हिस्सों में चरणबद्ध रूप से हाईमास्ट लाईटें स्थापित की जा रही हैं। इससे अजमेर को और अधिक सुरक्षित, सुंदर व विकसित स्वरूप प्रदान किया जा सकेगा। इसमें व्यस्त मार्गों पर रात्रि में रोशनी से वाहन चालकों को राहत मिलेगी। साथ ही, बाजार क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही भी सुगम होगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। अब तक विधानसभा क्षेत्र में 8 जगहों पर हाईमास्क लाईटे स्थापित की जा चुकी है। इनमें आनासागर पुलिस चौकी, शास्त्री नगर चुंगी, मित्तल अस्पताल तिराहा, टेलीफोन एक्सचेंज चौराहा, चामुंडा चौराहा, सावित्री चौराहा, घाटी वाले बालाजी तथा नागफणी तिराहे पर हाईमास्ट लाईट का लोकार्पण किया गया है। प्रत्येक हाईमास्क लाईट 4.40 लाख रूपए की लागत से स्थापित की गई है।

इस अवसर पर स्थानीय पार्षद, अधिकारी एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!