महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर में 38वीं अंतर-महाविद्यालय महिला खो -खो महिला प्रतियोगिता का उद्घाटन

महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर में 38वीं अंतर-महाविद्यालय महिला खो -खो महिला प्रतियोगिता का उद्घाटन विश्वविद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। यह प्रतियोगिता विश्वविद्यालय में तीन दिवस तक आयोजित की जाएगी । प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध 11 महाविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने की । उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अंतर्गत खेलों को शिक्षा का अभिन्न अंग बनाया गया है, जिससे विद्यार्थियों और खिलाड़ियों का समग्र एवं सर्वांगीण विकास संभव हो सके। साथ ही उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल मैदान जीवन का महत्वपूर्ण पाठशाला है, जहाँ खिलाड़ी संघर्ष, धैर्य और निरंतर प्रयास का महत्व सीखते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन सच्ची जीत वही है जो ईमानदारी और समर्पण के साथ हासिल की जाए। कुलगुरु ने विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही तथा सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुभाष चंद्र ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि विश्वविद्यालय में 38वी अन्तर-महाविद्यालय महिला खो-खो प्रतियोगिता का आज महिला दिवस के दिन शुभारंभ एवं महिला खिलाड़ियों की इसमें बढ़ चढ़ कर भागीदारी, महिलाओं के खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है। इस अवसर पर प्रो. अरविंद पारीक, डॉ. विष्णु परमार(विश्वविद्यालय प्रतिनिधि ), प्रो. मनोज यादव, डॉ. शाहिना शेरानी (पर्यवेक्षक ), डॉ. तपेश्वर कुमार (खेल सचिव ), डॉ. संजय तोमर, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ लारा शर्मा, प्रेम राज मीना सहित महाविधालयों से पधारे खेल मैनेजर एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुभाष चंद्र के अनुसार रविवार को खेले गए मुकाबलों के परिणाम इस प्रकार रहे :
* सोफिया कॉलेज ने एमएलवी कॉलेज, भीलवाड़ा को 14–1 से हराया।
* गवर्नमेंट कॉलेज जायल ने गवर्नमेंट कॉलेज, पुष्कर को 14–3 से पराजित किया।
* फिजिकल कॉलेज, भीलवाड़ा ने एस.डी . कॉलेज ब्यावर को 16–3 से हराया।
* दयानंद कॉलेज अजमेर ने वर्धमान कॉलेज ब्यावर को 23–0 से पराजित किया।
खेल सचिव डॉ तपेश्वर कुमार के अनुसार क्वाटर फाइनल मुकाबले सोमवार को प्रातः 8:00 बजे से खेले जायेंगे।
error: Content is protected !!