समानता, सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण पर होगा राष्ट्रीय मंथन
अजमेर।
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के डॉ. बी.आर. अंबेडकर शोधपीठ के तत्वावधान में दिनांक 15 अप्रैल 2026 (बुधवार) को एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। संगोष्ठी का विषय “अंबेडकर दृष्टि: समता से सामर्थ्य” रखा गया है, जो सामाजिक समता, न्याय एवं सशक्तिकरण के मूल्यों पर केंद्रित रहेगा।
यह संगोष्ठी विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वराज सभागार, बृहस्पति भवन में प्रातः 11:00 बजे प्रारंभ होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को समकालीन परिप्रेक्ष्य में समझना तथा उनके द्वारा प्रतिपादित समता एवं सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को वर्तमान समाज में प्रासंगिक बनाना है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. लालाराम बैरवा माननीय विधायक, शाहपुरा, जिला भीलवाड़ा एवं प्रबंध मंडल सदस्य अपनी गरिमामयी उपस्थिति देंगे। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में सुप्रसिद्ध विचारक एवं चिंतक माननीय श्री जसवंत खत्री अपने विचारों से प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल करेंगे।
संगोष्ठी में विभिन्न विश्वविद्यालयों के शिक्षाविद्, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं सामाजिक चिंतक भाग लेकर अंबेडकर के विचारों पर विमर्श करेंगे। इस अवसर पर सामाजिक समानता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा समावेशी विकास के विभिन्न आयामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह आयोजन न केवल शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में भी एक सार्थक पहल है। संगोष्ठी के माध्यम से युवाओं एवं शोधार्थियों को अंबेडकर के विचारों से प्रेरणा प्राप्त होगी और वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होंगे।
कार्यक्रम के निवेदक के रूप में कुलसचिव श्री कैलाश चंद्र शर्मा एवं शोधपीठ के निदेशक प्रो. शिव प्रसाद ने अधिकाधिक सहभागिता हेतु सभी प्रबुद्धजनों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से उपस्थित होने का आग्रह किया है।