ब्राह्मण समाज मना रहा परशुराम जन्म महोत्सव
ब्यावर। शहर में ब्राह्मण समाज की ओर से आयोजित भगवान परशुराम जन्म महोत्सव के तहत संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। अजमेरी गेट पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर सनातनी शहरवाासियों ने भगवान परशुराम के जयकारे लगाते हुए बालाजी महाराज का गुणगान किया। देशवाली ब्राह्मण समाज अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा व महोत्सव संयोजक हंसराज शर्मा ने भगवान का पूजन कर कार्यक्रम की शुरूआत की। इसके बाद पंडित सुरेश उपाध्याय ने आओ जी गजानन आओ.. भजन के जरिए प्रथम पूज्य देव का आह्वान किया। सभी श्रद्घालुओं ने रामायण की चौपाईयां गाते हुए पाठ किया। रात के शांत वातावरण में मंगल भवन अमंगल हारी.. की गूंज सुनाई दी। सह संयोजक सुमित सारस्वत, संजय पाराशर, मुकेश शर्मा, धीरज शर्मा, ब्रजकिशोर शर्मा, लोकेश उपाध्याय, राजीव मिश्रा, कुंजबिहारी शर्मा, चेतन शर्मा व अन्य ने बालाजी का दरबार सजाकर सभी श्रद्धालुओं को तिलक लगाया और भगवा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। पाठ के पश्चात पवन पुष्करी, विजय शर्मा, मुकेश चक्रधारी ने भजनों की सरिता बहाई तो भक्त आनंद रस में डूबकर झूमने लगे। पाठ में रामकृष्ण सत्संग मंडल अध्यक्ष कैलाश मूंदड़ा, पूर्व सभापति नरेश कनौजिया, सुरेश जालान, प्रवीण जैन, सतीश गर्ग, मंगत सिंह मोनू, पवन दगदी, संजय गहलोत समेत कई श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ लिया। गुरुवार को दोपहर दो बजे से केसरीनंदन गार्डन में युवतियों और महिलाओं के लिए मेहंदी व मांडना प्रतियोगिता, अनुपयोगी वस्तु से उपयोगी वस्तु बनाना, नृत्य, लघु नाटिका व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शुक्रवार को कराओके गायन प्रतियोगिता आयोजित होगी।