परशुराम प्रीमियर लीग का समापन, बच्चों ने धरे विविध रूप
ब्यावर। भगवान परशुराम जन्म महोत्सव के तहत ब्राह्मण समाज की ओर से आयोजित परशुराम प्रीमियर लीग का समारोहपूर्वक समापन हुआ। क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच रुद्र इलेवन व वैदिक टाइटन्स टीम के बीच हुआ। रुद्र इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला जीतकर क्रिकेट खिताब हासिल किया। देशवाली ब्राह्मण समाज अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, संयोजक हंसराज शर्मा, राधामोहन जोशी, चंद्रप्रकाश शर्मा, जितेश शर्मा ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। रुद्र इलेवन टीम के कप्तान पवन जोशी को बेस्ट बैट्समैन, ओमप्रकाश वैष्णव को बेस्ट बॉलर, आदित्य झा को बेस्ट फिल्डर और संदीप पारीक को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया। प्रभारी कुंजबिहारी शर्मा व विजय पारीक ने शानदार कॉमेंट्री कर मैच को दिलचस्प बनाए रखा। इस अवसर पर समाज के कई सदस्य मौजूद रहे।
सह संयोजक सुमित सारस्वत ने बताया कि बालक-बालिकाओं के लिए बॉल गेम्स, स्किल गेम्स, विविध वेशभूषा, मिमिक्री, नृत्य, गायन और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें ब्राह्मण समाज के बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। विविध वेशभूषा प्रतियोगिता में श्रीनाथजी का रूप धरकर कुशाग्री जोशी ने प्रथम स्थान हासिल किया। परी बनीं यशस्वी शर्मा द्वितीय व रानी लक्ष्मीबाई बनीं निष्ठा शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। बॉल गेम्स में निष्ठा शर्मा प्रथम, कियारा शर्मा द्वितीय, रुद्राक्ष पारीक तृतीय स्थान पर रहे। शुक्रवार को दोपहर एक बजे से केसरीनंदन गार्डन में कराओके गायन प्रतियोगिता आयोजित होगी। शनिवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है।