श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति (IAO द्वारा प्रमाणित राज्य की एक मात्र शिक्षण संस्था)ब्यावर ही नहीं बल्कि संपूर्ण देश में एक विशिष्ट पहचान कायम कर रही है।
समिति द्वारा कन्या शिक्षा के क्षेत्र में एक अभिनव सौगात तथा नवस्थापित इकाई वर्द्धमान गर्ल्स स्कूल के रूप में आज शुभारंभ की गई।
अंग्रेजी माध्यम की इस विशिष्ट गर्ल्स स्कूल का शुक्रवार को सभी पदाधिकारियों अभिभावकों एवं अधिकारियों, कर्मचारियों की उपस्थिति में नवकार महामंत्र की स्तुति के साथ विधिवत शुभारंभ किया गया। विद्यालय का प्रथम फेज (कक्षा 01 से 05वीं तक सिर्फ बालिकाओं के लिए) रहेगा। नेहरू गेट बाहर कृष्णा कॉलोनी के पास वर्द्धमान कैंपस में पूर्णतया वातानुकूलित एवं आधुनिक तकनीक से सुसज्जित, लेटेस्ट मॉर्डन टेक्नोलोजी युक्त फर्नीचर जहां पूर्णतया अंतरराष्ट्रीय सुविधा युक्त शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा।
इस विद्यालय में प्राचार्य का कार्यभार प्रसिद्ध शिक्षाविद श्री अरविंद नाहर (Msc. M Tech.M Phil.Gold medalist) संभाल रहे हैं।
इससे पूर्व वह देश की मशहूर मेयो कॉलेज अजमेर में 26 वर्षों तक एकेडमिक डायरेक्टर एवं समर्पित शिक्षक के रूप में सेवारत रहे ऐसे अनुभवी एवं वरिष्ठ शिक्षाविद के साथ विद्वान टीचर्स की टीम इस विद्यालय को एक नई पहचान एवं ऊंचाई प्रदान करेगी।
यह विद्यालय वर्द्धमान शिक्षण समिति की तरफ से ब्यावर एवं निकटवर्ती क्षेत्र में रहने वाले अभिभावकों के लिए खास सौगात रहेगी। समिति के मंत्री डॉ नरेन्द्र पारख ने विस्तृत जानकारी देकर बताया कि ब्यावर में लंबे समय से इस तरह की स्कूल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी जिसमें अभिभावक अपनी बेटियों के प्रति पूर्णतः निश्चिंत होकर एक सुरक्षित एवं स्वच्छ माहौल में गुणवत्ता युक्त अंतरराष्ट्रीय सुविधा युक्त शैक्षणिक परिसर में शिक्षा प्राप्त करवा सकेंगे। उन्हें अब एक ही परिसर में प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च स्तरीय शिक्षा उसके। पश्चात महाविद्यालय स्तर की शिक्षा मिल सकेगी। शिक्षा के साथ कला, कौशल एवं खेलकूद गतिविधियों में भी पारंगत होने का सुअवसर मिल सकेगा।
कार्यक्रम में समिति के मंत्री डॉ नरेंद्र पारख, उपाध्यक्ष ज्ञानचंद बिनायकिया, कोषाध्यक्ष देवराज लोढ़ा, सहमंत्री सुनील ओस्तवाल, प्रचार मंत्री महेन्द्र सांखला, प्रबंधकारिणी सदस्य शांतिलाल नाबरिया, प्रकाशचंद गदिया, दीपचंद कोठारी, रमेशचंद मेड़तवाल, उत्तम चंद देरासरिया, प्रवीण खेतपालिया, गौतम चंद गोखरू, अरविन्द मूथा, वैभव सकलेचा, आशीषपाल पदावत एवं आदर्श विद्या मंदिर संस्थान के अध्यक्ष रमेश भराड़िया, राजेंद्र गर्ग आदि प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
अभिभावकों ने मुक्तकंठ से की तारीफ…
विद्यालय के शुभारंभ अवसर पर आगंतुक अभिभावकों ने इस विद्यालय के नवीन परिसर एवं सुविधाओं को देखकर श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा करी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ऐसे विद्यालय की अति आवश्यकता थी जहां उनकी बेटियां निश्चिंत रहकर एक सुरक्षित, स्वच्छ एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातावरण में अध्ययन कर सकेगी।
समिति द्वारा नव स्थापित वर्द्धमान गर्ल्स स्कूल बालिकाओं के उन्नत एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी।