ग्राम रथ अभियान के माध्यम से घर-घर तक पहुंच रही सरकारी योजनाओं की जानकारी

अराई पंचायत समिति के ग्राम पंचायत बोराडा में आयोजित ग्राम रथ अभियान शिविर में पहुंचे केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, आमजन से संवाद कर समस्या समाधान के लिए अधिकारियों को किया निर्देशित

     अराई, किशनगढ़ (अजमेर), 9 मई। किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अराई पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत बोराडा में आयोजित ग्राम रथ अभियान शिविर में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने सहभागिता कर आमजन से संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के लिए निर्देशित किया।

     इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्राम रथ अभियान के माध्यम से राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह अभियान गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

     केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब, किसान, युवा, महिला एवं वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक और क्रांतिकारी परिवर्तन लाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ पहुंचे।

     केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का विश्वास शासन और प्रशासन के प्रति और अधिक मजबूत हो।

     शिविर में ब्लक सीएमओ ड. राजेश वर्मा, सरपंच भोजराज गुर्जर, नायब तहसीलदार रमेश सोनी, अतिरिक्त विकास अधिकारी कालूराम चौधरी, अतिरिक्त विकास अधिकारी जिला परिषद अजमेर नरेंद्र सिंह सिंगोदिया, सहायक कृषि अधिकारी गोपाल लाल बैरवा, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, जिला महामंत्री किशन बंग, जिला उपाध्यक्ष किशन गोपाल दरगड, बोराड़ा भाजपा मण्डल अध्यक्ष रणजीत खोड, अरांई मण्डल अध्यक्ष शिवरतन सिंह, महामंत्री हरेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष संजय शर्मा, एससी मोर्चा मण्डल अध्यक्ष ताराचंद किराडिया, डीआईपीआर से निकिता मेहरा, जिला परिषद सदस्य सुरज्ञान चौधरी, पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, सांवरलाल बाना, सुखलाल रिणवा, ग्राम विकास अधिकारी रोहित कुमार शर्मा और एलडीसी भैरू नाथ योगी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

error: Content is protected !!