एएलएसएस द्वारा स्टेशन पर यात्रियों को जल सेवा एवं पुलाव सेवा

अजमेर, 25 मई 2026।
भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच अजयमेरु लेडीज़ सोशल सोसाइटी (एएलएसएस) ने मानव सेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए अजमेर रेलवे स्टेशन पर दो दिवसीय निःशुल्क शुद्ध एवं ठंडे जल एवं पुलाव की सेवा की। सोसायटी द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ग्रीष्म ऋतु में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो दिवसीय सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यह सेवा 24 एवं 25 मई को प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक जारी रही और इसमें लगने वाली दानराशि भी सोसाइटी की सदस्यों द्वारा दी गई।

सोसायटी की अध्यक्ष दिशा प्रकाश किशनानी ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को ठंडे एवं शुद्ध पेयजल की आवश्यकता होती है, लेकिन स्टेशन पर कई बार सभी यात्रियों तक समय पर पानी पहुंच पाना संभव नहीं हो पाता। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए संस्था की ओर से यात्रियों को निःशुल्क ठंडा और स्वच्छ जल उपलब्ध करवाया गया।

सेवा अभियान के दौरान जिन यात्रियों के पास अपनी पानी की बोतल या केन थी, उन्हें भी भरकर पानी उपलब्ध कराया गया, ताकि वे अपनी यात्रा सहज और सुरक्षित ढंग से पूरी कर सकें। कार्यक्रम के 24 मई को प्रथम दिन एवम् आज 25 मई को द्वितीय दिन भी जल सेवा के साथ ही यात्रियों को नमकीन पुलाव पनीर बिरयानी का वितरण भी किया गया, जिसे यात्रियों ने बेहद सराहा।

संस्था की सदस्य कुसुम आर्य ने बताया कि अजयमेरु लेडीज़ सोशल सोसाइटी द्वारा आयोजित यह सेवा पूर्ण रूप से मानवता और सेवा भावना से प्रेरित है। इस अभियान में सभी सदस्याओं ने तन, मन और धन से सहयोग करते हुए जरूरतमंद यात्रियों तक राहत पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि संस्था आगे भी इसी प्रकार सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्य निरंतर करती रहेगी।

कार्यक्रम में दिशा प्रकाश किशनानी, नीरू जैन, तृप्ति शर्मा, कुसुम आर्य, प्रमिला मिश्रा, सवलीन कौर, कुलविन्दर कौर, श्रीतमा जैन, शिल्पी जैन सहित संस्था की सदस्याओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

दिशा प्रकाश किशनानी
अध्यक्ष, अजयमेरू लेडीज सोशल सोसाइटी
अजमेर

error: Content is protected !!