एसआई भर्ती पुनः परीक्षा-2021

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 28 मई (अवकाश के दिन) भी खुला रहेगा आयोग कार्यालय
 
अब तक 97 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने किया ऑनलाइन फाइनल सबमिट
अजमेर, 27 मई। उप-निरीक्षक भर्ती पुनः परीक्षा-2021 के आवेदन पत्र में संशोधन एवं अनिवार्य केवाईसी को लेकर आ रही समस्याओं के निवारण हेतु 28 मई को अवकाश होने के बावजूद राजस्थान लोक सेवा आयोग कार्यालय खुलेगा।
अब तक 97 हजार से अधिक आवेदन फाइनल सबमिट
आयोग के अनुसार, परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थियों में से अब तक 97 हजार 475 अभ्यर्थियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया अपनाकर अपना आवेदन फाइनल सबमिट कर दिया गया है। आयोग ने शेष बचे सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना शीघ्रताशीघ्र अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन संशोधन और सम्मति दर्ज करने की अंतिम तिथि 30 मई 2026 निर्धारित है।
न्यायालय आदेश वाले अभ्यर्थियों को आयोग कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं, ईमेल से भेजें दस्तावेज
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस भर्ती अंतर्गत जिन प्रकरणों में माननीय न्यायालय द्वारा 53 रिट्स में  सम्मिलित 2389 अभ्यर्थियों को परीक्षा में सम्मिलित किए जाने के संबंध में आदेश जारी किए जा चुके हैं,(रिट्स एवं अभ्यर्थियों की सूची आयोग वेबसाइट पर इस संबंध में जारी प्रेस नोट के साथ संलग्न है) उन अभ्यर्थियों को कोर्ट आदेश की भौतिक प्रति जमा कराने के लिए व्यक्तिगत रूप से आयोग के कार्यालय में आने की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं है क्योंकि यह आदेश आयोग के अधिवक्ता के मार्फत आयोग कार्यालय में प्राप्त हो चुके हैं.। इसके बावजूद भी अभ्यर्थी चाहे तो इन आदेशो को आयोग की ईमेल आईडी [email protected] पर मेल कर सकते हैं।
बंद या बदले हुए मोबाइल नंबर/ईमेल का निःशुल्क संशोधन
 
यदि किसी अभ्यर्थी का पूर्व में पंजीकृत मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी बदल गया है और उन्हें ओटीपी वेरिफिकेशन में दिक्कत आ रही है, तो वे निशुल्क संशोधन करा सकते हैं। इसके लिए अभ्यथी
आयोग के ग्रीवेंस पोर्टल पर अथवा [email protected] पर ई-मेल भेज सकते हैं, इस श्रेणी के अभ्यर्थी आयोग कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर भी अपना प्रार्थना पत्र दे सकते हैं। विवरण संशोधित होने के बाद अभ्यर्थी फेच एप्लीकेशन फॉर्म विकल्प के जरिए अपना पुराना रिकॉर्ड नए प्रोफाइल में स्थानांतरित कर सकेंगे।
भूल गए हैं एसएसओ आइडी तो वेबसाइट पर सूची उपलब्ध
आरपीएससी की वेबसाइट पर अभ्यर्थियों का नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, आवेदन क्रमांक और मूल एसएसओ आईडी के साथ विशेष संकलित सूची अपलोड कर दी गई है। इसके अलावा अभ्यर्थियों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबरों पर भी एसएमएस के माध्यम से यह जानकारी भेजी जा रही है। प्रक्रिया को समझने के लिए वेबसाइट के होम पेज पर हिंदी और अंग्रेजी में हेल्प डॉक्यूमेंट व डेमो वीडियो भी उपलब्ध कराया गया है।
नो चेंज वालों के लिए भी प्रमाणीकरण अनिवार्य
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों को अपने पूर्व आवेदन में कोई संशोधन नहीं करना है, उन्हें भी अनिवार्य रूप से एक बार अपना फॉर्म एडिट मोड में खोलना होगा। वहाँ लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठा निशानी के उपयोग की सहमति देकर ओटीपी के जरिए फाइनल सबमिट करना अनिवार्य है। इसके अभाव में आवेदन अधूरा माना जाएगा और अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित हो सकते हैं।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!