किशनगढ़ में शीतल जल वितरण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

यात्रियों को दिया जल संरक्षणस्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश

     अजमेर, 28 मई। राज्य सरकार द्वारा संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026 के अंतर्गत गुरूवार को किशनगढ़ रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर शीतल जल वितरण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यात्रियों एवं आमजन को जल संरक्षण, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों को शीतल जल वितरित किया गया।

     इस अवसर पर श्रीयादे माटी कला बोर्ड अध्यक्ष श्री प्रहलाद राय टाक ने कहा कि स्वच्छता एवं जल संरक्षण दोनों ही समाज की सामूहिक जिम्मेदारी हैं। उन्होंने रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड परिसर में स्वच्छता बनाए रखने का संदेश देते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “स्वच्छ भारत अभियान” को जनसहभागिता से और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक जल संरक्षण एवं स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

     उन्होंने आमजन को जल के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए जल बचाने एवं जल स्रोतों के संरक्षण का आह्वान किया। जल है तो कल है के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति भी प्रेरित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण अभियान को गति प्रदान करने का संदेश दिया गया।

     प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अरविंद शर्मा गिरधर ने उपस्थित यात्रियों को जल ही जीवन है का संदेश देते हुए कहा कि जल संरक्षण वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि जल का अनावश्यक दोहन रोकना एवं जल स्रोतों का संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने आमजन से जल बचाने के छोटे-छोटे उपाय अपनाने एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

     कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष श्री वेद प्रकाश दाधीच, एसडीएम नीतू मीना, पीएचईडी विभाग के श्री लोकेश सांखला, स्काउट गाइड के श्री ओमप्रकाश जांगिड़, श्री मनीष टाक, श्री प्रियंका पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने जल संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!