माता-पिता के त्याग एवं गुरुजनों के मार्गदर्शन से मिलती है मंजिल -व्यास

205 विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
अजमेर, 31 मई। पूज्य स्वामी हिरदाराम जी की प्रेरणा से सांई बाबा मंदिर ट्रस्ट, शांतात्मा व्यास एवं मेघीतुलसी किशनानी स्मृति संस्थान, अजमेर तथा स्वामी समूह के संयुक्त तत्वावधान में पिछले 21 वर्षों से आयोजित 40वें प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन रसोई बैंक्वेट हॉल, स्वामी कॉम्प्लेक्स, अजमेर में किया गया। समारोह में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड एवं सीबीएसई की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कुल 205 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा शीर्ष 12 विद्यार्थियों को अभिनंदन पत्र, स्मृति चिन्ह, श्रीफल, गिफ्ट वाउचर एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकें प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के पूर्व वित्त सलाहकार गोविन्द देव व्यास ने कहा कि यह समारोह केवल अंकों की सफलता का नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के परिश्रम, माता-पिता के त्याग, शिक्षकों के मार्गदर्शन, समर्पण एवं अनुशासन का उत्सव है। उन्होंने कहां कि अपने सपनों को इतना ऊँचा रखें कि सफलता भी उन्हें छूने का प्रयास करे तथा अपने संस्कार इतने गहरे रखें कि ऊँचाइयाँ भी आपको विनम्र बनाए रखें।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विनीत लोहिया ने विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल मैदान में बिताने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए शनिवार को साइकिल चलाकर ईंधन बचाने का संकल्प लेना चाहिए। खेल न केवल बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करते हैं, बल्कि एक सफल करियर का माध्यम भी बन सकते हैं। खेलों से एकाग्रता एवं अनुशासन विकसित होता है, जो लक्ष्य प्राप्ति में सहायक होते हैं।
उद्योगपति एवं चिंतक सुनील दत्त जैन ने कहा कि परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। विद्यार्थियों को मोबाइल एवं सोशल मीडिया का उपयोग केवल आवश्यकता होने पर ही करना चाहिए तथा अपना अधिकतम समय अध्ययन और व्यक्तित्व विकास में लगाना चाहिए।
कंवल प्रकाश किशनानी ने कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों को उनकी मंजिल तक पहुँचाने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सफलता को माता-पिता एवं गुरुजनों को समर्पित करने तथा अहंकार से दूर रहकर विनम्रता और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में अभी अनेक पड़ाव आने हैं और निरंतर प्रयास ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
टॉप-12 विद्यार्थियों का विशेष सम्मान
सांई बाबा मंदिर के ट्रस्टी महेश तेजवानी ने बताया कि समारोह में शीर्ष 12 विद्यार्थियों का विशेष सम्मान किया गया। इनमें सुहानी नोगिया (धारव सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भाकरोटा), आरती (संत कंवरराम सीनियर सेकेंडरी स्कूल), भूमि (गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बडल्या, अजमेर), खुशी (मथुरा प्रसाद गुलाब देवी स्कूल), तेजल चौधरी (महाराजा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अजमेर), अनुषी बंग (महेश्वरी पब्लिक स्कूल), नेहा मनमानी (संत कंवरराम सीनियर सेकेंडरी स्कूल), पार्थ देवनानी (मयूर स्कूल), प्रीति सेन (राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुंड गेट, सांवर), गौरव कुमार (शहीद अविनाश पब्लिक स्कूल), इशिका कुरानी (महेश्वरी पब्लिक स्कूल) तथा मिलिन निर्वाण (संत फ्रांसिस सीनियर सेकेंडरी स्कूल) शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त इंजीनियरिंग छात्र करण बसानंदानी को बीकानेर इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं पूज्य स्वामी हिरदाराम जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन दिशा प्रकाश किशनानी ने किया तथा आभार हरी चंदनानी ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रेम केवलरमानी, हरीश तनवानी, विष्णु अवतार भार्गव, राजेश गिदवानी, उत्तम गुरबक्षाणी, मुकेश आहूजा, प्रकाश जेठरा, रमेश टिलवानी, दिनेश कुमार, मनीष हासिंजा, राजीव लोचन शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कंवल प्रकाश किशनानी
मो. 9829070059

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!