*पंचायतीराज संस्थाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की अभिनव पहल*
अजमेर, 8 जून। पंचायतीराज संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीण प्रशासन को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला परिषद एवं पीरामल फाउंडेशन द्वारा मंगलवार कोएआई आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म सचिव जी का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर जिला परिषद सभागार में मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश की अध्यक्षता में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा।
पीरामल फाउंडेशन के श्री अकरम काजी ने बताया कि शुभारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत अजमेर ग्रामीण, पीसांगन एवं श्रीनगर पंचायत समिति के प्रशासकों तथा ग्राम विकास अधिकारियों के साथ मंगलवार 9 जून को प्रातः 10.30 बजे से परिचय एवं उन्मुखीकरण सत्र आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्लेटफॉर्म की प्रमुख विशेषताओं एवं उपयोगिता से अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सचिव जी एक एआई आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसे पंचायतीराज प्रतिनिधियों एवं ग्राम स्तरीय कार्मिकों को जीपीडीपी (ग्राम पंचायत विकास योजना), जल संरक्षण, जल बजटिंग तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित सरल, त्वरित एवं व्यवहारिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह प्लेटफॉर्म तालाब पुनर्जीवन, डी-सिल्टिंग, योजना अभिसरण तथा पंचायत स्तर पर डेटा-आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगा। साथ ही यह पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीण प्रशासन को स्थानीय विकास कार्यों के बेहतर नियोजन एवं क्रियान्वयन में सहयोग प्रदान करेगा। इस पहल से ग्रामीण शासन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, जल सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा सामुदायिक नेतृत्व को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की अपेक्षा है।