अजमेर डेयरी के दुग्ध उत्पादकों के लिए ऐतिहासिक पहल

म्हारो खातो म्हारो बैंक’ अभियान के पैम्फलेट का जिला कलेक्टर ने किया विमोचन** ** डेयरी समितियां बनेंगी ‘स्मार्ट बैंकिंग केंद्र’, पशुपालकों को घर बैठे मिलेगी शून्य बैलेंस पर आधुनिक बैंकिंग और ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा***
अजमेर, 11 जून 2026:
अजमेर जिले के लाखों दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों के आर्थिक सशक्तिकरण और उन्हें आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के लिए सहकारिता विभाग द्वारा एक अभूतपूर्व कदम उठाया गया है। आज दिनांक 11 जून 2026 को जिला कलेक्टर महोदय, श्रीमान लोक बंधु द्वारा ‘सहकारिता में सहकार नवाचार’ के अंतर्गत “म्हारो खातो म्हारो बैंक” अभियान के पैम्फलेट का विधिवत विमोचन किया गया। साथ ही 8 जून से 15 जून 2026 तक जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ में आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान की गहन समीक्षा भी की गई।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर अजमेर डेयरी के प्रबन्ध संचालक श्री रामलाल चौधरी, अजमेर केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबन्ध निदेशक श्री हरीश सिवासिया, नाबार्ड की जिला विकास प्रबन्धक नाबार्ड श्रीमती रूबिना बानो, डेयरी के सहायक रजिस्ट्रार श्री सतीश जैमन और प्रबन्धक विकास बैंक श्रीमती निवेदिता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अजमेर डेयरी के प्रबन्ध संचालक श्री रामलाल चौधरी ने बताया कि यह अभियान अजमेर डेयरी से जुड़े पशुपालकों के जीवन में एक क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। इस योजना के तहत अब डेयरी समितियों को ही ‘सहकारी बैंक मित्र’ बनाया जाएगा, जिससे ग्रामीण स्तर पर ही पशुपालकों को सभी बैंकिंग सुविधाएं उनके द्वार पर मिल सकेंगी।
योजना के तहत अजमेर डेयरी के पशुपालकों को मिलने वाले प्रमुख लाभ:-
शून्य बैलेंस खाताः दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों के खाते केन्द्रीय सहकारी बैंक
में पूर्णतः ‘शून्य जमा’ (Zero Balance) पर खोले जाएंगे।निःशुल्क आधुनिक सुविधाएंः खाताधारकों को चेक बुक, एटीएम/डेबिट कार्ड, आरटीजीएस (RTGS) और नेफ्ट (NEFT) जैसी सभी आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं एकदम फ्री दी जाएंगी।
ब्याज मुक्त ऋणः पशुपालकों को कृषि एवं पशुपालन कार्यों के लिए बिना किसी ब्याज के (ब्याज मुक्त) फसली ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
लॉकर सुविधा में छूटः योजना के तहत पहले वर्ष लॉकर किराए में 20 प्रतिशत की विशेष छूट का प्रावधान किया गया है।
द्वार पर बैंकिंग (Doorstep Banking): बैंक मित्र बनने से समिति स्तर पर ही पशुपालकों को नकद निकासी, जमा, तुरंत बैलेंस पूछताछ और मिनी स्टेटमेंट जैसी तकनीकी सुविधाएं घर बैठे प्राप्त होंगी।
स्मार्ट बैंकिंग केंद्र के रूप में उभरेंगी डेयरी समितियां
इस नवाचार के माध्यम से अजमेर जिले की दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियां अब केवल दूध संकलन का केंद्र न रहकर ‘स्मार्ट बैंकिंग केंद्र’ के रूप में उभरेंगी। अजमेर डेयरी का यह दृढ़ विश्वास है कि इस अभियान से पशुपालक आर्थिक रूप से अधिक समृद्ध होंगे, उनका परिवार खुशहाल होगा और सहकारिता के मूल मंत्र के माध्यम से उनकी सर्वांगीण उन्नति सुनिश्चित होगी।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!