विश्व रक्तदाता दिवस पर मित्तल हॉस्पिटल में 14 जून को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

कार्मिकों ने ली रक्तदान की शपथ, आमजन से भी की सहभागिता की अपील

अजमेर, 13 जून ()। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून को मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में प्रातः 9 बजे से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में हॉस्पिटल के कार्मिकों के साथ-साथ आमजन भी स्वेच्छा से रक्तदान कर सकेंगे। जन सामान्य के लिए रक्त समूह जांच निशुल्क उपलब्ध है।

शिविर से पूर्व शनिवार को हॉस्पिटल सभागार में आयोजित जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम में एक सौ से अधिक कार्मिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस.के. जैन, वाइस प्रेसिडेंट श्याम सोमानी, डीजीएम विजय रांका, वीपीओ डॉ. विद्या दायमा, चिकित्साधीक्षक डॉ. विनोद विजयवर्गीय, डॉ. जवाहरलाल गार्गिया, एजीएम प्रशासन शाजी टी.आर. तथा नर्सिंग अधीक्षक राजेन्द्र कुमार गुप्ता सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। वरिष्ठ जनसम्पर्क प्रबंधक संतोष कुमार गुप्ता ने सभी को रक्तदान की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर ब्लड सेंटर प्रभारी डॉ. मधु काबरा ने रक्तदान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान एक सुरक्षित, सरल और मानवीय सेवा है, जिससे किसी जरूरतमंद का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि स्वस्थ व्यक्ति प्रत्येक तीन से चार माह में रक्तदान कर सकता है तथा वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान को लेकर प्रचलित भ्रांतियों का निराकरण करते हुए उन्होंने कहा कि इससे शरीर में नए रक्त का निर्माण होता है और व्यक्ति को आत्मसंतोष की अनुभूति भी होती है।

डॉ. काबरा ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। दुर्घटना पीड़ितों, प्रसूताओं, नवजात शिशुओं तथा गंभीर रोगियों के उपचार में रक्त की आवश्यकता पड़ने पर किसी अन्य व्यक्ति का स्वैच्छिक रक्तदान ही जीवनरक्षक साबित होता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व रक्तदाता दिवस की थीम “एक बूंद मानवता के लिए” रखी गई है, जो समाज में निस्वार्थ सेवा और मानवीय सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करती है।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस.के. जैन ने रक्तदान के प्रति कार्मिकों के उत्साह की सराहना करते हुए अधिकाधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मित्तल हॉस्पिटल में रक्तदान की पूरी प्रक्रिया सुरक्षित एवं मानक प्रोटोकॉल के अनुरूप संचालित की जाती है। उन्होंने रक्तदाताओं से ऐसे लोगों को भी प्रेरित कर शिविर में लाने का आग्रह किया, जिन्होंने अब तक कभी रक्तदान नहीं किया है।
संरक्षक मित्तल हॉस्पिटल मुन्नालाल मित्तल व बोर्ड आॅफ डायरेक्टर्स अनिल मित्तल,सुनील मित्तल, डॉ दिलीप मित्तल, मनोज मित्तल,डॉ चक्रपाणि मित्तल,सार्थक मित्तल ने रक्तदान शपथ समारोह व शिविर के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संयोजन सीनियर मैनेजर जनसम्पर्क युवराज पाराशर व वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी नितेश भारद्वाज ने किया तथा अंत में एजीएम प्रशासन शाजी टी.आर. ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!