अजमेर, 15 जून 2026: उत्तर पश्चिम रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के मुख्य सभाकक्ष (संवेग) में वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी श्रीमति मेघा गोदारा देव, के निर्देशन में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और अधिकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘पेंशन अदालत – 2026’ का सुबह 11 बजे से आयोजन किया गया। पेंशन अदालत कि अध्यक्षता श्री विकास बूरा अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) महोदय द्वारा की गयी। उक्त पेंशन अदालत में सहायक कार्मिक अधिकारी (APO) श्री गजानंद कुमावत और सहायक मंडल वित्त प्रबंधक (ADFM) श्री बलराम मीणा, पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित सेवानिवृत्त कर्मचारियों (पेंशनरों) ने भाग लिया। इस अदालत का मुख्य उद्देश्य रेल पेंशनरों की पेंशन, पारिवारिक पेंशन, ग्रेच्युटी व अन्य बकाया निपटारा राशियों से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निवारण करना रखा गया। उक्त पेंशन अदालत में मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय से संबंधित 38 प्रकरणों को सम्मिलित कर उसकी समस्याओं को तुरंत प्रभाव से निदान किया गया। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार, जिन पेंशनभोगियों को अपनी प्रारंभिक कार्रवाई से असंतोष था, उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपनी बात रखी। उपस्थित अधिकारियों और प्रशासन के सकारात्मक रुख से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा ऑन-द-स्पॉट प्राप्त नये आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही कर अवगत कराये जाने का आश्वासन प्रदान किया।