सफलता की कहानी-1
आपसी सहमति से राजस्व वाद का निपटारा मौके पर हुआ बंटवारा
ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत ग्राम पंचायत नरवर में आयोजित कैम्प में ग्राम भवानीखेडा में शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम भवानीखेडा की वर्तमान जमाबंदी संख्या 2073-76 के खाता संख्या 112 के सहखातेदार श्री देवी पुत्र कालू निवासी ग्राम चौरसियावास व मुकेश रावत पुत्र जयरामसिंह निवासी ग्राम भवानीखेडा ने शिविर प्रभारी के समक्ष उपस्थित होकर उक्त खाते में अंकित खसरा नम्बर 874 व 1641/892 का आपसी सहमति से बंटवारा हिस्से अनुसार करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। कैम्प प्रभारी ने शिविर स्थल पर ही प्रार्थीगणों का प्रार्थना पत्र स्वीकार कर भूमि अभिलेख नि. नरवर एवं पटवारी हल्का भवानीखेडा को बंटवारा प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने हेतु शिविर प्रभारी ने मौके पर ही स्वीकृत कर ऑनलाईन दर्ज करने हेतु आदेशित किया गया।
सभी पक्षकारों ने मौके हुए खाता विभाजन आदेश पाकर अपनी खुशी का इजहार किया तथा कैम्प प्रभारी को धन्यवाद अर्पित किया। साथ ही इस तरह कैम्प लगाकर सभी आमजनों की समस्याओं का समाधान मौके पर किये जाने एवं राजस्व के काम के साथ-साथ अन्य विभागों के काम भी मौके पर सम्पादित किये जाने हेतु राज्य सरकार एंव यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की सराहना की।
मौके पर मनोहर को प्राप्त हुआ पट्टा
राज्य की संवदेनशील, पारदर्शी और जवाबदेह सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याण की विभिन्न योजनाओं, फ्लेगशिप योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए पंचायत समिति सावर की ग्राम पंचायत गिरवरपुरा में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया।
शिविर में ग्राम पंचायत गिरवरपुरा के निवासी मनोहर सिंह मीणा पुत्र नारायण सिंह मीणा ग्राम गिरवरपुरा ग्राम पंचायत गिरवरपुरा को जिला रसद अधिकारी एवं शिविर प्रभारी मोनिका जी जाखड़ द्वारा पट्टा प्रदान किया गया। शिविर के दौरान मनोहर को पट्टा प्रदान किया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मनोहर ने राजस्थान सरकार व प्रशासन का आभार व्यक्त किया तथा बताया कि मैं पट्टे हेतु कई दिनों से परेशान था। पट्टा प्राप्त होने से वह अपने घर का मालिकाना हक प्राप्त करके पट्टा प्राप्त होने से लोन की सुविधा भी मिल जायेगी। लोन सुविधा से व्यापार प्रारम्भ करने में सहायता मिलेगी। जिससे पारिवारिक आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ हो सकेगी। मनोहर सिंह ने सरकार द्वारा चलाये जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर की प्रशंसा की और सभी को धन्यवाद् ज्ञापित किया।
वर्षों का इंतजार हुआ खत्म, पेंशन बनी बुजुर्गों का नया सहारा
ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत ग्राम पंचायत नरवर में शिविर का आयोजन किया गया। राजस्थान राज्य के अजमेर जिले की तहसील अजमेर ग्रामीण के गांव नरवर की रहने वाली श्रीमती जमनी के चेहरे की झुर्रियां अब एक नई मुस्कान बयां कर रही हैं। वर्षों की जद्दोजहद और रुकी हुई पेंशन के बाद, अब उनके जीवन में एक नया सवेरा आया है। यह कहानी है, प्रशासनिक तत्परता और एक छोटे से जनसंपर्क प्रयास से किसी के बुढ़ापे में आए बदलाव की।
कुछ समय पहले तक श्रीमती जमनी को अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। उम्र के इस पड़ाव पर शारीरिक कमजोरी और आय का कोई साधन न होने के कारण जीवन बेहद कठिन हो गया था। उन्होंने सरकारी पेंशन के लिए कई बार आवेदन किया था, लेकिन कागजी कमियों और सही जानकारी न होने के कारण उनकी फाइल हर बार अटक जाती थी। उनकी यह परेशानी आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर कैम्प-2026 ग्राम पंचायत नरवर तक पहुँची। कैंप में उपस्थित शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी और कर्मचारियों की एक टीम ने उनके मामले को व्यक्तिगत रूप से संज्ञान में लिया। श्रीमती जमनी की पेंशन तुरंत शुरू करने के लिए कैंप में उपस्थित संबंधित विभाग के कार्मिकों को निर्देश दिए।
संबंधित विभाग के कार्मिकों सक्रिय प्रयासों के कारण, मात्र 15 मिनट के भीतर उनकी रुकी हुई पेंशन मंजूर हो गई उनकी आँखों में खुशी के आँसू थे। श्रीमती जमनी को किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ता। वे अपनी दवाइयाँ और छोटी-मोटी जरूरतें खुद पूरी कर सकते हैं। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही जनसंपर्क और सरकारी योजनाओं का उचित क्रियान्वयन आम आदमी के जीवन में कितना बड़ा बदलाव ला सकता है।
निःशुल्क खरीफ फसल मूंग बीज, किस्म एमएच 1142 मिनिकिट वितरण
राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत गिरवरपुरा में आयोजित शिविर में आयोजित शिविर में उपस्थित समस्त निवासीगण शिमला देवी पुत्री छोटू लाल मीणा, शिमला देवी पुत्री बंशी लाल मीणा, मोजा देवी पत्नी खेमराज मीणा, मनभर देवी पत्नी बंखी लाल मीणा, काली देवी पत्नी घीसा कीर, नर्बदा देवी पत्नी नारायण मीणा ग्राम गिरवरपुरा व अन्य काश्तकारों ने उपस्थित होकर प्रभारी अधिकारी, ग्रामीण सेवा शिविर, उपखण्ड सावर को अवगत करवाया गया कि आगामी फसल काश्त हेतु बीज मिनिकिट की दिलवाने की कृपा करावें। प्रार्थीगणों की सुनवाई करते हुए प्रभारी अधिकारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को तुरंत कार्यवाही कर मिनिकिट वितरण करने हेतु निर्देशित किया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने तुरंत कार्यवाही कर मुख्यमंत्री कृषक साथी योजनान्तर्गत निःशुल्क बीज मिनिकिट का वितरण किया गया जिसमें मूंग बीज, किस्म एमएच 1142 मिनिकिट का वितरण किया गया।
उक्त निःशुल्क बीज मिनिकिट पाकर सभी लाभार्थियों ने कैम्प प्रभारी एवं कृषि विभाग की टीम को धन्यवाद दिया तथा इस तरह गांव-गांव कैम्प लगाकर मौके पर ही कृषकों को लाभ पहुंचाने हेतु प्रशासन, राज्य सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की प्रशंसा की।
कृषक को मिली शिविर के माध्यम से राहत
जन कल्याण शिविर के अन्तर्गत ग्रामीण सेवा शिविर कैम्प 2026 राजस्थान सरकार द्वारा अटल सेवा केन्द्र, ग्राम पंचायत, अंराई में आयोजन किया गया। जिसमें कृषक मंगला पुत्र हरजीराम जाति कुम्हार द्वारा बताया कि मैं मेरे खेत पर गेहूं तथा सब्जियों की बुवाई करता था। फसल उगाने के लिए रासायनिक खाद का उपयोग करता था। कुछ समय बाद स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक से संपर्क किया तो उन्होंने जैविक खेती के बारे में बताया तथा कृषक को पीकेवीवाय परंपरागत कृषि विकास योजना से लाभान्वित कराया।
कृषक द्वारा वर्मी कंपोस्ट बेड का निर्माण करवाया तथा केंचुए डलवाए गए। इसके बाद वर्मी कंपोस्ट खाद दो माह में बनकर तैयार होने पर खाद को खेत में डालकर फसल बुवाई की। जिससे खेत की फसल एवं सब्जियों की वृद्धि व फलन बहुत अच्छा हुआ। साथ ही साथ परिवार को जैविक उत्पादन प्राप्त हुआ। रासायनिक उर्वरकों एवं खाद से दूषित सब्जियों से निजात मिला। इस योजना से प्रार्थी को कृषि विभाग द्वारा अनुदान प्राप्त हो चुका है। जिससे प्रार्थी ने मुख्यमंत्री महोदय, शिविर प्रभारी तथा कृषि विभाग का आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का मिला लाभ
ग्राम पंचायत हरमाडा में ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न विभागों के समस्या समाधान काउंटर लगाए गए। पशुपालकों को मंगला पशु बीमा योजना की जानकारी पूर्व में दी गयी थी।
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत लाभार्थी श्रीमती शोभाग-रामचरण, कंवरीदेवी रामस्वरूप, शोरती देवी-बिरम, संपत देवी-संजय कुमार प्रजापत, तुलसी देवी-मांगी लाल, बादाम देवी-बद्रीलाल चौधरी आदि पशुपालको की बीमा पोलिसी का वितरण किया गया। साथ ही पशुपालकों ने खुशी जाहिर की तथा सरकार को धन्यवाद किया।
ग्रामीण सेवा शिविर बना संजीवनी बूटी, जीवित व्यक्ति को राजस्व रिकॉर्ड में मिला पुनः अधिकार
राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 ग्राम पंचायत अजगरा के एक परिवार के लिए किसी संजीवनी बूटी से कम साबित नहीं हुआ। वर्षों से राजस्व रिकॉर्ड में हुई एक गंभीर त्रुटि के कारण परेशान परिवार को शिविर में ही त्वरित राहत मिल गई।
शिविर के दौरान झमरी देवी पत्नी अमरा ने अतिरिक्त जिला कलक्टर केकड़ी एवं शिविर प्रभारी श्री चन्द्रशेखर भण्डारी के समक्ष उपस्थित होकर अपनी व्यथा सुनाई। उन्होंने बताया कि उनके पति अमरा को राजस्व रिकॉर्ड में मृत दर्ज कर दिया गया है जबकि ये जीवित हैं। इस त्रुटि के कारण परिवार को विभिन्न सरकारी एवं राजस्व कार्यों में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
प्रकरण की गंभीरता को समझते हुए शिविर प्रभारी ने तत्काल तहसीलदार सरवाड़ श्रीमती बंटी देवी राजपूत को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसीलदार द्वारा बिना विलंब किए भू-अभिलेख निरीक्षक श्री जनक राज मीणा एवं पटवारी श्री सांवरलाल को मौके पर जांच का आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व टीम ने तत्परता दिखाते हुए रिकॉर्ड की जांच की। जांच में तथ्य सही पाए जाने पर तुरंत शुद्धिपत्र तैयार करवाकर नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा राजस्व अभिलेख में सुधार कर दिया गया। इसके बाद प्रार्थी को मौके पर ही संशोधित जमाबंदी की प्रति उपलब्ध करवाई गई।
जब झमरी देवी को संशोधित जमाबंदी मिली तो उनके चेहरे पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी। परिवार ने शिविर प्रभारी, तहसीलदार, राजस्व टीम तथा राजस्थान सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल ग्रामीणों के लिए वास्तव में वरदान साबित हो रही है।
राजस्व रिकॉर्ड की गंभीर त्रुटि का तत्काल समाधान मिलता है। जीवित व्यक्ति को रिकॉर्ड में सही दर्ज किया गया। परिवार को सरकारी योजनाओं एवं राजस्व कार्यों में राहत मिली। प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ। ग्रामीण सेवा शिविर केवल प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं बल्कि आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है।
शुक्रवार को भी मिलेगी जन-जन को राहत
अजमेर, 18 जून। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान और विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान करने के लिए शुक्रवार 19 जून को भी ग्रामीण एवं शहरी शिविरों के माध्यम से राहत प्रदान की जाएगी।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि अभियान के तहत 15 जुलाई तक प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सोमवार से शुक्रवार तक ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार 19 जून को उपखण्ड क्षेत्र अजमेर की रामनेर ढ़ाणी, अरांई की ढ़सूक, केकड़ी की पारा, नसीराबाद की रामसर, रूपनगढ़ की मोतीपुरा, सरवाड़ की सुपां, पीसांगन की पगारा ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार नगरीय निकायों में शहरी सेवा शिविरों का आयोजन वार्डवार किया जाएगा।