प्रभारी सचिव ने किया प्राधिकरण के शहरी सेवा शिविर का आकस्मिक निरीक्षण

अजमेर, 18 जून। अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा प्राधिकरण परिसर में लगाये जा रहे शहरी सेवा शिविर-2026 का प्रभारी सचिव एवं महानिदेशक इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान जयपुर श्री नीरज के. पवन ने जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु के साथ आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही राहत एवं छूट का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए निर्देशित किया। प्रभारी सचिव नें कैम्प में पहुंच कर प्रत्येक शाखा से कार्य निस्तारण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए प्रकरण शीघ्र निस्तारित करने के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए। लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टा लेने हेतु आमजन में अधिक प्रचार प्रसार कर सम्बन्धित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया। प्रभारी सचिव द्वारा प्राधिकरण द्वारा शिविर में अपनाई जा रही कार्यप्रणाली से संतुष्ट होते हुए। अधिक उत्साह से राज्य सरकार की मंशा के अनुरुप समाज की अंतिम पंक्ति मे बैठे आमजन को राहत प्रदान करने का संदेश दिया।

प्रभारी सचिव ने बताया कि प्रकरणों का यथा संभव मौके पर ही निस्तारण किया जाए। यदि किन्हीं तकनीकी कारणों से प्रकरण तत्समय निस्तारित नहीं हो पाते है तो यथा संभव शीघ्र निस्तारित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव एवं जिला कलक्टर द्वारा आमजन को आवासीय पट्टे, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे, नामान्तरण, अवधि विस्तार, उपविभाजन आदेश आदि के पट्टे वितरित किए गए।

आज 262 प्रकरणों के निस्तारण

आमजन में शहरी सेवा शिविर के प्रति उत्साह देखने को मिला। गुरूवार को लगभग 750 लोगों ने अपनी समस्याओं के संबंध में पूछताछ एवं जानकारी ली। कृषि भूमि पर बसी स्वीकृत योजनाओं में 62 पट्टे, बकाया लीज जमा करा कर फ्री होल्ड व लीज मुक्ति प्रमाण पत्र के 3 प्रकरण, प्राधिकरण की योजनाओं में 29 प्रकरण, निर्माण अवधि विस्तार के 49 प्रकरण, भवन मानचित्र के 10 प्रकरण, भूखण्डों के उपविभाजन एवं पुर्नगठन के 10, लीज होल्ड से फ्री होल्ड के 17 प्रकरण, नाम हस्तान्तरण के 63 प्रकरण, पुर्नवैध का एक प्रकरण एवं 18 आवंटन पत्र इस प्रकार कुल 262 प्रकरण निस्तारित किए गए। अधिकांश लोगों ने अपनी स्थानीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं के निराकरण हेतु जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों द्वारा संवेदनशीलता से समस्याओं को सुनकर निराकरण के सुझाव दिए।

आमजन को जलभराव की समस्या से जल्द मिले निजात जिला कलक्टर

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा की प्राधिकरण द्वारा जिन नालों एवं नालियों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्हें वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। जलभराव संबंधी समस्याओं से आमजन को निजात मिल सकेगी। जिला कलक्टर ने प्राधिकरण द्वारा जयपुर रोड के पास में अजमेर शहर के प्रवेश स्थान पर अशोक उद्यान के आस-पास की भूमि को लैण्डस्केपिंग एवं पेड़ पौधे लगाते हुए जलभराव आदि समस्याओं का निदान किये जाने हेतु निर्देश प्रदान किये।

सफलता की कहानी

शहरी सेवा शिविर-2026 ने शिक्षक की वर्षों पुरानी चिंता की दूर

आज मुझे केवल एक पट्टा नहीं मिला, बल्कि वर्षों की एक चिंता से मुक्ति मिली है। यह कहना है अजमेर निवासी एवं शिक्षक श्री रामप्रताप सिंह पुत्र श्री मदन दान का, जिन्हें शहरी सेवा शिविर-2026 के दौरान अपने लीज होल्ड भूखण्ड का फ्री होल्ड पट्टा उसी दिन प्राप्त हुआ।

श्री रामप्रताप सिंह लंबे समय से अपनी संपत्ति के लीज होल्ड पट्टे को फ्री होल्ड कराने की इच्छा रखते थे। हालांकि प्रक्रिया में लगने वाले समय, आवश्यक औपचारिकताओं तथा कार्यालयों के चक्कर लगाने की आशंका के कारण वे आवेदन नहीं कर पा रहे थे। शहरी सेवा शिविर-2026 की जानकारी मिलने पर उन्होंने आज अजमेर विकास प्राधिकरण कार्यालय परिसर में आयोजित शिविर में अपना आवेदन प्रस्तुत किया।

शिविर में मौके पर उनकी पात्रता एवं दस्तावेजों की त्वरित जांच की गई तथा आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय में पूर्ण कर उसी दिन फ्री होल्ड पट्टा जारी कर दिया गया। इस त्वरित एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली से वे अत्यंत प्रसन्न एवं संतुष्ट नजर आए।

श्री रामप्रताप सिंह ने बताया कि एक शिक्षक होने के नाते वे समय के महत्व को भलीभांति समझते हैं। जिस कार्य के लिए सामान्य परिस्थितियों में कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ सकते थे, वह शिविर के माध्यम से सरल, पारदर्शी और सुगम प्रक्रिया में एक ही दिन में पूरा हो गया। इससे न केवल समय की बचत हुई, बल्कि आमजन को प्रशासनिक सेवाओं के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।

उन्होंने राजस्थान सरकार एवं अजमेर विकास प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आम नागरिकों को राहत देने और सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में शहरी सेवा शिविर एक सराहनीय पहल है।

सफलता की कहानी

शहरी सेवा शिविर-2026 में अधिवक्ता को मिली त्वरित भवन निर्माण स्वीकृतिरियायती शुल्क से मिली बड़ी राहत

शहरी सेवा शिविर-2026 आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं किफायती सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी साबित हो रहा है। इसी क्रम में अजमेर विकास प्राधिकरण कार्यालय परिसर में आयोजित शिविर के दौरान अधिवक्ता श्री कुशल सिंह रावत पुत्र श्री नरपत सिंह रावत को भवन निर्माण स्वीकृति प्राप्त होने से बड़ी राहत मिली।

श्री कुशल सिंह रावत अपने भवन निर्माण कार्य के लिए भवन निर्माण स्वीकृति प्राप्त करना चाहते थे। सामान्यतः ऎसी प्रक्रियाओं को लोग समय लेने वाली तथा अपेक्षाकृत अधिक खर्चीली मानते हैं, लेकिन शहरी सेवा शिविर-2026 में उन्हें सहज और त्वरित समाधान मिला। उन्होंने शिविर में भवन निर्माण स्वीकृति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया, जहां उपलब्ध विशेष रियायतों एवं सरलीकृत प्रक्रिया का लाभ उन्हें तत्काल प्राप्त हुआ।

शिविर के दौरान प्रदत्त विशेष छूट के कारण उन्हें मात्र 2500 रूपए के रियायती शुल्क में भवन निर्माण स्वीकृति जारी कर दी गई। इससे न केवल उनकी आर्थिक बचत हुई, बल्कि समय की भी उल्लेखनीय बचत हुई। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुगम रही, जिससे वे अत्यंत संतुष्ट नजर आए।

अपने अनुभव साझा करते हुए श्री रावत ने कहा कि आज का दिन उनके लिए खुशी और संतोष लेकर आया है। उन्होंने बताया कि शिविर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए गए सहयोग तथा त्वरित कार्रवाई से उनका कार्य बिना किसी परेशानी के पूर्ण हो गया। उन्होंने राजस्थान सरकार एवं अजमेर विकास प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!