योग नोडल अधिकारी डॉ. हनुमान मीणा ने विभिन्न आयोजन स्थलों का किया निरीक्षण
अजमेर, 20 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के सफल आयोजन को लेकर आयुर्वेद विभाग द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में योग नोडल अधिकारी एवं आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक, डॉ. हनुमान मीणा ने शनिवार को योग दिवस के प्रमुख आयोजन स्थलों पुलिस लाइन मैदान, वरुण सागर तथा बारादरी आनासागर का तीनों स्थानों का सफल आयोजन के लिए निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
योग नोडल अधिकारी डॉ. हनुमान मीणा ने निरीक्षण के दौरान आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए प्रभारी अधिकारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। आमजन को नियमित योग अपनाने एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पुलिस लाइन मैदान में आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस मुख्य समारोह में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री भागीरथ चौधरी योग के महत्व को जनसामान्य तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। आयुर्वेद विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर योग को अपनी दैनिक जीवनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ एवं निरोगी जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।
उन्होंने बताया कि योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 6 बजे से 6.30 बजे तक अतिथि सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसके पश्चात प्रातः 6.30 बजे से 7 बजे तक माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का लाइव प्रसारण किया जाएगा। प्रातः 7 बजे से 7.45 बजे तक कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। वहीं प्रातः 7.45 बजे से 8 बजे तक पोस्ट इवेंट कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके उपरांत प्रातः 8 बजे योग दिवस कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक डॉ. विशाल नाहेलिया, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी श्री देवेन्द्र पाराशर, सहायक प्रशासनिक अधिकारी श्री जीवन अली, वरिष्ठ सहायक श्री विजय पाल, कनिष्ठ सहायक श्री कमलेश शर्मा एवं श्री लक्ष्मी नारायण जागिड़ सहित विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।