शहरी सेवा शिविर-2026 में अजमेर विकास प्राधिकरण ने अब तक 1328 प्रकरणों का किया निस्तारण

तीव्र गति से हो रहे समाधान से आमजन को मिल रही राहत, विभिन्न छूटों का भी मिल रहा लाभ

तत्पर प्रशासन, त्वरित सेवा के संकल्प के साथ कार्यरत है प्राधिकरण

     अजमेर, 20 जून। राज्य सरकार द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। प्राधिकरण ने 12 जून से 20 जून तक कुल 1328 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर नागरिकों को बड़ी राहत प्रदान की है। शिविरों में प्रदान की जा रही विभिन्न रियायतों एवं सुविधाओं के प्रति आमजन में उत्साह का वातावरण देखने को मिल रहा है।

     अजमेर विकास प्राधिकरण के सचिव ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविरों में प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। अब तक कृषि भूमि पर विकसित स्वीकृत योजनाओं से संबंधित 459 पट्टे, प्राधिकरण की स्वयं की योजनाओं के 174 पट्टे, बकाया लीज जमा कराकर फ्रीहोल्ड एवं लीज-मुक्ति प्रमाण पत्र के 37 प्रकरण, भवन मानचित्र से संबंधित 47 प्रकरण, निर्माण अवधि विस्तार के 208 प्रकरण, लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड के 48 प्रकरण, नामांतरण के 289 प्रकरण, उपविभाजन एवं पुनर्विभाजन के 26 प्रकरण, आवंटन पत्रों से संबंधित 19 प्रकरणों तथा 21 विविध प्रकरण का निस्तारण किया जा चुका है। इस प्रकार प्राधिकरण द्वारा अब तक कुल 1328 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है।

     उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी स्थानीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान हेतु शिविरों में संपर्क किया। अधिकारियों ने संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं को सुनते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया तथा उनके निराकरण के लिए प्रभावी सुझाव दिए। अजमेर विकास प्राधिकरण का उद्देश्य आमजन को पारदर्शी, सरल एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी संकल्प के साथ प्राधिकरण तत्पर प्रशासन, त्वरित सेवा के मूल मंत्र को साकार करते हुए नागरिकों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

     उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति संबंधित वैध दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर उपरोक्त कार्य करवा सकते हैं। शिविर की विस्तृत जानकारी प्राधिकरण की वेबसाइट www.urban.rajasthan.gov.in/ada पर, दूरभाष संख्या 0145-2627748 एवं 0145-2627749 पर अथवा किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 9.30 बजे से सायं 6 बजे तक प्राधिकरण कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!