अजमेर में योग जागरण का विस्तार, विवेकानंद केंद्र ने बढ़ाए नियमित योग केंद्र

अजमेर। स्वस्थ, जागरूक और संस्कारित समाज के निर्माण के उद्देश्य से विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, शाखा अजमेर द्वारा शहर में दो नए स्थानों पर नियमित निशुल्क योग वर्ग प्रारंभ किए गए हैं। इनमें पहला योग वर्ग धौला भाटा स्थित गुरु नानक स्कूल के समीप लक्ष्मी गार्डन में तथा दूसरा वर्ग श्रीनगर रोड पर राजा साइकिल चौराहे के निकट मेयो कॉलेज के जुनिया गेट के सामने पुलिस चौकी के पास स्थित उद्यान में संचालित किया जाएगा।

विवेकानंद केंद्र के नगर प्रमुख अंकुर प्रजापति ने बताया कि विवेकानंद केंद्र द्वारा पूरे वर्ष नियमित रूप से निःशुल्क योग वर्गों का संचालन किया जाता है। इन वर्गों का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में आदर्श नगर स्थित शिव वाटिका सर्कल, सात पिपली बालाजी मंदिर के पास, श्रीराम टावर, भजनगंज, विधायक कार्यालय, नाका मदार, मधुबन कॉलोनी पार्क, आनासागर लिंक रोड स्थित शिवाजी उद्यान, वैशाली नगर के हेडगेवार उद्यान तथा ज्ञान विहार उद्यान सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित योग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

इन योग वर्गों में अनुभवी योग शिक्षकों द्वारा प्रतिदिन योगासन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार तथा विभिन्न स्वास्थ्यवर्धक अभ्यासों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। सभी आयु वर्ग के नागरिक इन निःशुल्क योग कक्षाओं का लाभ उठाकर शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बना सकते हैं।

विवेकानंद केंद्र ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इन योग वर्गों से जुड़कर योग को अपनी दैनिक जीवनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!