जिला कलक्टर ने किया नागेलाव शिविर का औचक निरीक्षण

अजमेर, 25 जून। जिले के पीसांगन उपखण्ड की नागेलाव ग्राम पंचायत में आयोजित हो रहे ग्रामीण सेवा शिविर का गुरूवार को जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु के द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया तथा सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। जिला कलक्टर द्वारा शिविर के दौरान जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं को सुना।

 ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के अन्तर्गत ग्राम पंचायत नागेलाव में गुरूवार को ग्रामीणों तक विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रामीण सेवा शिविर आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने नागेलाव ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने नागेलाव के ग्राम सेवा शिविर में तैयार किए गए दस्तावेज वितरण किए। लाभार्थियों से वार्तालाप कर शिविरों के सम्बन्ध में प्रतिपुष्टि प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर जनसुनवाई, समस्या समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम हैं। ऎसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है। पात्र नागरिकों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार किसान, युवा, महिला, गरीब, श्रमिक एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से विकास एवं सेवा के कार्य निरंतर जारी हैं।

जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने निरीक्षण के दौरान राजस्व, पंचायती राज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, चिकित्सा, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शिविर के दौरान किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की गयी। समस्त अधिकारियों को शिविर में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किये जाने के लिए निर्देशित किया गया।

उन्होंने शिविर में अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया। सम्पर्क पोर्टल के असंतुष्ट प्रकरणों का निस्तारण करने के लिए प्री-कैम्प गतिविधि आवश्यक रूप से सम्पादित करें। इस दौरान अधिकतम कार्यों को चिह्नित कर कैम्प दिवस को निस्तारित करने का प्रयास होना चाहिए। शेष रहे कार्यों के लिए फॉलोअप कैम्प लगाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में पट्टा वितरण सहित अन्य सुविधाओं एवं कार्यों को शिविर के दिन ही निपटाने का प्रयास करें।

जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने शिविर का निरीक्षण कर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। समस्त सामाजिक सुरक्षा पेंशनर्स का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें। पालनहार योजना के लाभार्थियों के सम्पर्क में रहकर सत्यापन करावें। क्षेत्र के समस्त दिव्यांगों के प्रमाण पत्र बनने चाहिए। इसी प्रकार कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों की भी जाँच कराई जाए। बच्चों के उपचार तथा पोषण की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।

उन्होंने नागेलाव ग्राम पंचायत के ग्रामीणों के साथ वार्तालाप कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उनके द्वारा शिविर में जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इन प्रकरणों का सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए समाधान किया जाएगा। इनकी सुगम मॉनिटरिंग के लिए प्रकरणों को सम्पर्क पोर्टल पर पंजीकृत भी किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी श्री राजीव बड़गूजर, तहसीलदार श्री भागीरथ चौधरी सहित समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भाग लेने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!