विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विभिन्न विकास कार्यों का किया शुभारम्भ

 अजमेर, 26 जून। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में वार्ड संख्या 16 में सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया।

     इस अवसर पर उन्होंने वार्ड संख्या 16 स्थित सोनी मोहल्ला वाल्मीकि बस्ती के पीछे नाली निर्माण कार्य तथा ऊसरी गेट स्थित रामायण मण्डल सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। दोनों विकास कार्य विधायक कोष से 16 लाख रुपए की लागत से कराए जाएंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में स्वच्छता, जल निकासी व्यवस्था तथा यातायात सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा।

     इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए आधारभूत ढांचे के विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की जीवन रेखा होती हैं, जो आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच को भी मजबूत बनाती हैं।

     उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से सभी वार्डों में सड़क, नाली, विद्युत एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रत्येक मोहल्ले तक विकास कार्यों का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य के साथ निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

     श्री देवनानी ने कहा कि शहर में समग्र विकास के तहत सड़क निर्माण एवं कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में गांधी भवन में आधुनिक बहुमंजिला लाइब्रेरी का निर्माण विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए पर्यावरणीय संतुलन के अनुरूप लेपर्ड सफारी विकसित की जा रही है तथा ऎतिहासिक तारागढ़ के विकास पर करोड़ों रुपए की लागत से कार्य प्रगति पर हैं।

     उन्होंने बताया कि शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए करोड़ों रुपए की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिनमें तीन नए रिजर्वायर सहित कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित होने के साथ-साथ जल निकासी तंत्र भी अधिक सुदृढ़ होगा।

     चिकित्सा सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में मरीजों की सुविधा के लिए ’24 घंटे हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। मरीजों के परिजनों को स्वाभिमान भोज योजना के तहत मात्र एक रुपए में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जटिल बीमारियों के उपचार के लिए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक तथा कोटड़ा क्षेत्र में 50 बिस्तरों वाले सैटेलाइट अस्पताल का निर्माण भी किया जा रहा है।

     उन्होंने कहा कि शहर की सौंदर्य वृद्धि के लिए हाईमास्ट लाइट, आकर्षक प्रवेश द्वार तथा अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। राज्य सरकार का उद्देश्य अजमेर को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं से समृद्ध शहर के रूप में विकसित करना है।

     इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!