शुक्रवार को भी मिलेगी जन-जन को राहत
अजमेर, 9 जुलाई। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान और विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान करने के लिए शुक्रवार 10 जुलाई को भी ग्रामीण एवं शहरी शिविरों के माध्यम से राहत प्रदान की जाएगी।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि अभियान के तहत 15 जुलाई तक प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सोमवार से शुक्रवार तक ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार 10 जुलाई को उपखण्ड क्षेत्र अजमेर की हटूण्डी एवं दांता, भिनाय की धांतोल, केकड़ी की प्रान्हेडा, नसीराबाद की राजौसी, रूपनगढ़ की नोसल, सरवाड़ की खीरियां एवं गोपालपुरा, सावर की कालेडा एवं कंवरजी तथा पीसांगन की दांतडा ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार नगरीय निकायों में शहरी सेवा शिविरों का आयोजन वार्डवार किया जाएगा।
सफलता की कहानी-1
फवारा स्थपना पर 15000 रूपये का मिला अनुदान
ग्राम पंचायत जेठाना, पीसांगन में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। कृषक द्वारा पूर्व में परम्परागत तरीके से क्यारी धोरा विधि से फसलों की सिंचाई की जाती थी। धोरे द्वारा जल स्रोत से पानी खेत तक ले जाने में जल की अनावश्यक हानि होती थी। समय और श्रम अधिक लगता था। किसान को पानी की कमी का सामना करना पड़ता था। पानी की कमी से उत्पादन प्रभावित होने पर अर्थिक रूप से हानि होती थी।
क्षेत्र में कृषि विभाग द्वारा आयोजित कृषक प्रशिक्षण गोष्ठियों आदि में कृषक द्वारा भाग लेकर जल बचत एवं विभागीय अनुदान योजनाओ की जानकारी ली और किसान ने सिंचाई फवारा गतिविधि अपनाकर कृषि विभाग से अनुदान प्राप्त किया। सिंचाई फवारा द्वारा जल बचत से अधिक क्षेत्र सिंचित होने पर किसान को अच्छा अत्पादन मिल रहा है और आय में वृद्धि हुई है। किसान ने इस लाभकारी योजना के लिए राजस्थान सरकार, उपखण्ड प्रशासन और कृषि विभाग की सराहना की। किसान द्वारा अपनाई गई गतिविधि से क्षेत्र के किसान भी प्रेरित हो रहे है।
सफलता की कहानी-2
प्रार्थी को अपने घर का मालिकाना हक मिला
राज्य की संवदेन शील, पारदर्शी और जवाब देह सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याण की विभिन्न योजनाओं, फ्लेगशिप योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए इस पंचायत समिति सावर की ग्राम पंचायत टांकावास में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया।
शिविर मे ग्राम पंचायत टांकावास के ग्राम टांकावास निवासी बन्ना लाल मीणा को शिविर प्रभारी भगवती प्रसाद वेष्णव, कार्यवाहक उपखण्ड अधिकारी, सावर द्वारा पट्टा प्रदान किया गया। शिविर के दौरान बन्ना लाल मीणा को पट्टा प्रदान किया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बन्ना लाल मीणा ने राजस्थान सरकार व प्रशासन का आभार व्यक्त किया तथा बताया कि मै पट्टे हेतु कई दिनों से परेशान हो रहा था। पट्टा प्राप्त होने से मुझे अपने घर का मालिकाना हक प्राप्त हो गया है व लम्बे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद का भी निस्तारण हो सकेगा।
बन्ना लाल मीणा ने पुनः सरकार द्वारा चलाये जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर की प्रशंसा की और सभी को धन्यवाद् ज्ञापित किया।
सफलता की कहानी-3
वर्षों से लंबित भूमि विभाजन का हुआ मौके पर समाधान
राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 ग्राम पंचायत सराना, सरवाड़ के किसानों मथरा देवी पत्नी महावीर एवं मनभर पत्नी गोपाल के लिए बड़ी राहत लेकर आया। वर्षों से लंबित भूमि विभाजन की समस्या का शिविर में ही त्वरित समाधान कर उन्हें तत्काल लाभान्वित किया गया। दोनों प्रार्थी लंबे समय से अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले ग्रामीण सेवा शिविर का इंतजार कर रहे थे। शिविर के दौरान उन्होंने अपनी खातेदारी भूमि के विभाजन एवं राजस्व रिकॉर्ड में शुद्धि के लिए तहसीलदार श्री शिवराम मीणा के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया और अपनी समस्या से अवगत कराया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार श्री शिवराम मीणा ने तत्काल मौके पर ही भू-अभिलेख निरीक्षक श्री अमित कुमार एवं पटवारी श्री अरूण कुमार को आवश्यक जांच कर विभाजन संबंधी दस्तावेज तैयार करने के निर्देश दिए। राजस्व टीम ने तत्परता से अभिलेखों की जांच कर नियमानुसार विभाजन की कार्रवाई पूर्ण की तथा प्रकरण को उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मौके पर ही भूमि विभाजन एवं राजस्व रिकॉर्ड में शुद्धि का आदेश पारित कर दोनों प्रार्थियों को लाभान्वित किया गया।
वर्षों पुरानी समस्या का शिविर में ही समाधान होने पर मथरा देवी पत्नी महावीर एवं मनभर पत्नी गोपाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार, मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा तथा समस्त राजस्व टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
सफलता की कहानी-4
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का मिला लाभ
ग्राम पंचायत पींगलोद, रूपनगढ़ में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। भैरुलाल निवासी गाँव पींगलोद, तहसील रुपनगढ़, जिला-अजमेर के घर की आजीविका मुख्यतः पशुपालन व कृषि पर आधारित है परन्तु कई बार प्राकृतिक आपदा या अन्य किसी कारण से काफी आर्थिक नुकसान हो जाता है। 4-5 महीने पहले जब प्रार्थी के गाँव के राजकीय पशु चिकित्सा उपकेन्द्र पींगलोद में गया तो वहाँ मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की जानकारी मिली। जिससे दुधारू पशु का अधिकतम 40 हजार का बीमा निःशुल्क किया गया।
प्रार्थी ने चिकित्सा स्टाफ के कहने पर अपने जानवर का जनआधार से बीमा कराने के लिए आवेदन कर दिया। उसके बाद चिकित्सा स्टाफ ने घर आकर पशु का निःशुल्क एचसी बनाया और प्रार्थी को ग्रामीण सेवा शिविर में पॉलिसी देने के लिए बुलाया गया तथा पॉलिसी प्रदान की गई। प्रार्थी चिकित्सालय स्टाफ एवं विशेष तौर पर मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा का हृदय से आभार व्यक्त करता है। जिन्होंने इस योजना का लाभ देकर मुश्किल समय में सहायता की सच्ची गारंटी दी है।