सफाई कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों के समाधान के लिए निगम प्रशासन प्रतिबद्ध

उपायुक्त की अपील-जनहित में कर्मचारी शीघ्र कार्य पर लौटेंशहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं जारी

अजमेर, 9 जुलाई। नगर निगम अजमेर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सफाई कर्मचारी यूनियन एवं सफाई कर्मचारियों द्वारा पिछले कई माह से विभिन्न मांगों को लेकर समय-समय पर धरना-प्रदर्शन एवं अन्य माध्यमों से अपनी मांगें प्रशासन के समक्ष रखी जाती रही हैं। निगम प्रशासन ने सदैव कर्मचारियों की न्यायोचित, व्यवहारिक एवं नियमानुसार स्वीकार्य मांगों के प्रति सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया है।

उपायुक्त नगर निगम ने बताया कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अस्थायी सफाई कर्मचारियों के मासिक मानदेय में वृद्धि की जा चुकी है। इसके साथ ही जिन कर्मचारियों का निवास स्थान उनके कार्यस्थल से काफी दूरी पर था, उन्हें यथासंभव उनके निवास के निकट कार्यस्थलों पर स्थानांतरित किया गया है। कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत अन्य मांगों पर भी प्रशासन स्तर पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया जा रहा है तथा नियमानुसार आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करते हुए उनका यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन कर्मचारियों के हितों के संरक्षण एवं शहर की स्वच्छता व्यवस्था के प्रभावी संचालन, दोनों के प्रति समान रूप से प्रतिबद्ध है। प्रशासन का प्रयास है कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान संवाद एवं नियमानुसार प्रक्रिया के माध्यम से किया जाए।

उपायुक्त ने समस्त सफाई कर्मचारियों से जनहित में अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील करते हुए कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था, जनस्वास्थ्य एवं आमजन की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कर्मचारी शीघ्र अपने कार्यस्थलों पर लौटें तथा पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं सेवा-भाव के साथ स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ अजमेर के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का सहयोग न केवल नगर निगम, बल्कि समस्त शहरवासियों के स्वास्थ्य, सुविधा एवं कल्याण के लिए अत्यंत आवश्यक है।

निगम प्रशासन ने समस्त स्वास्थ्य निरीक्षकों, जमादारों एवं स्थायी सफाई कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने-अपने निर्धारित कार्यस्थलों पर उपस्थित होकर अनुशासन एवं पूर्ण निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी कर्मचारी नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बाधित करने अथवा अन्य कर्मचारियों को कार्य से विरत करने का प्रयास नहीं करेगा।

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरा केवल निर्धारित कचरा पात्रों में डालने तथा सार्वजनिक स्थानों एवं सड़कों पर कचरा नहीं फैलाने का आग्रह किया है।

उपायुक्त ने शहरवासियों को आश्वस्त किया कि नगर की सफाई व्यवस्था को यथासंभव सुचारु एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं तथा स्थिति के अनुरूप समुचित प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नागरिकों के सहयोग से शहर की स्वच्छता व्यवस्था निरंतर बनाए रखी जाएगी।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!