अजमेर, 24 जुलाई। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के वेदव्यास संकुल स्थित शिक्षा विभाग में शैक्षणिक सत्र 2026–28 के दो वर्षीय बी.एड. पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु काउंसलिंग एवं ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया जारी है। विभाग में आवंटित अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि में समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर प्रवेश सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
शिक्षा विभाग के प्रभारी प्रो. सुभाषचंद्र ने बताया कि पीटीईटी-2026 काउंसलिंग के माध्यम से जिन अभ्यर्थियों को महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग का आवंटन हुआ है तथा जिन्होंने ₹5,000 पंजीकरण शुल्क जमा करा दिया है, वे शेष ₹22,000 शुल्क निर्धारित बैंक चालान के माध्यम से जमा कर उसकी प्रति, सभी आवश्यक मूल दस्तावेज एवं उनकी स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक शिक्षा विभाग में उपस्थित होकर अपनी ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यह काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया 27 जुलाई, 2026 को सायं 5:00 बजे तक संचालित रहेगी। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। केवल शुल्क जमा कराने से प्रवेश पूर्ण नहीं माना जाएगा। निर्धारित समय में दस्तावेजों का सत्यापन एवं ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक होगा।
प्रो. सुभाषचंद्र ने बताया कि वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा (पीटीईटी नोडल एजेंसी) द्वारा जिन अभ्यर्थियों को एमडीएस विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग का आवंटन किया गया है, वे समय पर उपस्थित होकर अपना प्रवेश सुनिश्चित करें। विभाग द्वारा विद्यार्थियों को प्रवेश संबंधी सभी आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में छात्र एवं छात्राओं के लिए छात्रावास (हॉस्टल) की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे बाहरी जिलों से आने वाले विद्यार्थियों को आवास संबंधी किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शिक्षा विभाग ने सभी आवंटित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें तथा समय रहते अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर लें, जिससे तकनीकी अथवा औपचारिक कारणों से किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।