अजमेर, 26 जुलाई 2026 /
“संगठन की शक्ति ही समाज की वास्तविक प्रगति का आधार है। जब समाज का प्रत्येक परिवार संगठन से जुड़ेगा, तभी एक सशक्त, संस्कारित एवं आत्मनिर्भर वैश्य समाज का निर्माण होगा।” इसी संकल्प के साथ अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, अजमेर जिला इकाई की कोर समिति की महत्वपूर्ण बैठक मुख्य संरक्षक श्री कालीचरण दास खंडेलवाल की अध्यक्षता में होटल के. सी. इन में सम्पन्न हुई।
बैठक में समाजहित से जुड़े अनेक ऐतिहासिक एवं दूरगामी निर्णय लिए गए, जिनमें सर्वप्रमुख निर्णय “वैश्य मित्र अभियान” के शुभारंभ का रहा।
पूर्व उपमहापौर श्री नीरज जैन ने “एक परिवार • एक पहचान • एक संकल्प” का संदेश देते हुए अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता में निहित है। प्रत्येक परिवार को संगठन से जोड़ना ही इस अभियान का मूल उद्देश्य है।
संरक्षक श्री कालीचरण दास खंडेलवाल ने कहा कि “वैश्य मित्र अभियान केवल सदस्यता अभियान नहीं, बल्कि संगठित, संस्कारित एवं सुदृढ़ समाज निर्माण का महाअभियान है। यह अभियान समाज में आत्मीयता, सहयोग, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की नई चेतना का संचार करेगा।”
जिला महामंत्री उमेश गर्ग ने बताया कि अभियान के अंतर्गत वैश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति का निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा, जिससे समाज का प्रत्येक परिवार संगठन से सीधे जुड़ सके। अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज बंधुओं का उनके द्वारा जोड़े गए वैश्य मित्रों की संख्या के आधार पर रजत पदक से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए अजमेर शहर को 10 विभागों में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक विभाग में प्रमुख एवं सह-प्रमुख नियुक्त किए जाएंगे। अभियान के प्रभारी के रूप में श्री शैलेंद्र अग्रवाल एवं श्री प्रेम प्रकाश विजयवर्गीय को मनोनीत किया गया है। उनके नेतृत्व में प्रत्येक क्षेत्र स्तर पर कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
बैठक में भावी पीढ़ी के संस्कार निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परम आदरणीय रेणुका जी गोस्वामी एवं परम श्रद्धेय पुंडरीक जी गोस्वामी के मार्गदर्शन में संचालित “निमाई पाठशाला” के आयोजन का निर्णय लिया गया। इस पाठशाला में अजमेर के लगभग 10,000 से अधिक बच्चे, युवा एवं परिवारजन (6 से 60 वर्ष आयु वर्ग) सहभागिता कर सकेंगे। इसके लिए श्री सौरभ खंडेलवाल को संयोजक नियुक्त किया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर नया बाजार चौपड़ में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन के संयोजक श्री हिमांशु खंडेलवाल एवं श्री मनीष खंडेलवाल होंगे।
समाज में पारिवारिक आत्मीयता एवं महिला सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अगस्त माह में सावन गोठ एवं मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी श्रीमती इंदु जैन, श्रीमती पूनम बैराठी एवं महिला समिति को सौंपी गई है। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री श्री सूरज नारायण लखोटिया मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करेंगे।
महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “घर-आंगन” प्रदर्शनी आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इसका उद्देश्य घर से कार्य करने वाली महिलाओं को पहचान, प्रोत्साहन एवं विपणन का मंच उपलब्ध कराना है। इसके लिए गठित समिति में महिला अध्यक्ष श्रीमती वर्षा फतेहपुरिया, श्रीमती पूर्वी अग्रवाल, श्रीमती पूनम बैराठी, श्रीमती इंदु जैन एवं श्रीमती अरुणा गर्ग को संयोजक नियुक्त किया गया।
जिला अध्यक्ष श्री रमेश तापड़िया ने संगठन की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए समाज के प्रत्येक परिवार से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। प्रदेश मंत्री श्री सूरज नारायण लखोटिया ने कहा कि जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति संगठन से जुड़ेगा, तभी सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता का उद्देश्य पूर्ण होगा।
बैठक में संरक्षक कालीचरण दास खंडेलवाल, प्रदेश मंत्री सूरज नारायण लखोटिया, जिला अध्यक्ष रमेश तापड़िया, जिला महामंत्री उमेश गर्ग, नीरज जैन, कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप पाटनी, कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम प्रकाश विजयवर्गीय, महेंद्र गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष श्री प्रवीण जैन, युवा महामंत्री मनीष खंडेलवाल, युवा प्रदेश मंत्री हिमांशु खंडेलवाल, महिला जिला प्रभारी श्रीमती इंदु जैन, महिला प्रदेश मंत्री श्रीमती पूनम बैराठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद मित्तल, हरीश गर्ग, अशोक गोयल, ओम प्रकाश गर्ग, प्रकाशचंद जैन सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे।
उमेश गर्ग
जिला महामंत्री
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, अजमेर
9829793705