मेहंदी से मैदान तक चमकी प्रतिभा, भंवरलाल गोठी स्कूल में विविध प्रतियोगिताओ का आयोजन

ब्यावर: श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर द्वारा संचालित भंवरलाल गोठी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के अंतर्गत अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, स्वच्छ प्रतिस्पर्धा एवं टीम भावना का विकास करना था। इसी क्रम में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए मेहंदी प्रतियोगिता तथा बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता आयोजित की गई।
 वहीं कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय देते हुए बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता के समन्वयक समीर कुमार ने बताया कि प्रथम स्थान पर नवकार हाउस व द्वितीय स्थान पर सम्यक हाउस रहा।
मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी सृजनात्मकता एवं कलात्मक कौशल का सुंदर प्रदर्शन किया। जटिल एवं आकर्षक डिज़ाइनों के माध्यम से उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली परिचय दिया। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान दिव्या कंवर, द्वितीय स्थान चार्वी मुणोत तथा तृतीय स्थान भव्या कुमावत एवं मोक्षिता शर्मा रहे, सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान वैष्णवी जांगिड़, द्वितीय स्थान सृष्टि सोनी एवं तृतीय स्थान दक्षिता भाटी व वैदिका पुरविया ने प्राप्त किया। मेंहदी प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका मोनिका दाधीच व बीना जैन ने निभायी।
इसी प्रकार बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी एवं आकर्षक सामग्री बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान भास्कर जोशी, द्वितीय स्थान सार्थक बुरड़ तथा तृतीय स्थान मैत्रिक जैन ने प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान अरनम जैन एवं मनन जैन तथा द्वितीय स्थान अक्षत भंसाली रहे। बेस्ट आउट ऑफ़ वेस्ट में निर्णायक की भूमिका प्रीति शर्मा व कविता ने निभायी।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकगण ने सभी विजेताओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही यह भी कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, रचनात्मक सोच एवं आत्मविश्वास को बढ़ाने में अत्यंत सहायक होती हैं।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!