संपर्क संस्थान का राष्ट्रीय रजत जयंती महोत्सव 8–9 अगस्त को किशनगढ़ में

देशभर से जुटेंगे साहित्यकार, समाजसेवी, प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि
मदनगंज-किशनगढ़। सामाजिक सरोकार, साहित्य, शिक्षा एवं सेवा के क्षेत्र में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके संपर्क संस्थान का राष्ट्रीय रजत जयंती महोत्सव 8 एवं 9 अगस्त को अग्रसेन विहार, किशनगढ़ में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
दो दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से संस्थान के प्रतिनिधि, साहित्यकार, शिक्षाविद्, समाजसेवी, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां सहभागिता करेंगी।
रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता एवं पोस्टर विमोचन समारोह में संस्थान के अध्यक्ष अनिल लढ़ा ने बताया कि 25 वर्ष पूर्व किशनगढ़ से सामाजिक सेवा के उद्देश्य से प्रारंभ हुई संपर्क संस्थान की यात्रा आज राष्ट्रीय स्तर पर जनसेवा, साहित्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता का सशक्त अभियान बन चुकी है। रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित यह महोत्सव संस्थान की 25 वर्षों की गौरवपूर्ण उपलब्धियों का उत्सव होगा।
संस्थान की महासचिव एवं समन्वयक रेनू ‘शब्दमुखर’ ने बताया कि 8 अगस्त को प्रातः 10:30 बजे उद्घाटन सत्र ‘सेवा से संवेदना तक’ आयोजित होगा। मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी, रोजियम डेवलपर्स के डायरेक्टर अर्पित जैन, आयोजन संयोजक डॉ. अखिल शुक्ला तथा मार्बल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर जैन शामिल रहेंगे।
उद्घाटन सत्र में संपर्क साहित्य परिवार के सदस्यों की 11 नवीन पुस्तकों का लोकार्पण, संस्थान की स्थापना से जुड़े 25 वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान, तथा शिक्षा, साहित्य, खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 25 विशिष्ट विभूतियों को ‘संपर्क रजत सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा। साथ ही संपर्क संस्थान की 25 वर्षों की यात्रा पर आधारित वृत्तचित्र तथा विशेष स्मारिका का भी विमोचन होगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. आरती भदौरिया, मार्गदर्शक प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि उसी दिन दोपहर 3 बजे ‘सृजन से सरगम तक’ विषयक साहित्यिक सत्र आयोजित होगा, जिसमें पुस्तक चर्चा, साहित्यिक विमर्श एवं सम्मान समारोह होंगे। रात्रि 8 बजे ‘रजत संध्या’ के अंतर्गत संस्थान के सदस्यों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक एवं संगीत प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
संस्थान के महासचिव सुनील अग्रवाल ने बताया कि 9 अगस्त को प्रातः 10 बजे से ‘शब्द से शिखर तक’ विषय पर सामाजिक, शैक्षिक एवं साहित्यिक सत्र आयोजित होंगे। इसके उपरांत समापन समारोह एवं राष्ट्रीय कवि सम्मेलन ‘शब्द से अनन्त तक’ के साथ दो दिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
पत्रकार वार्ता का संचालन डॉ. रेनू श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर अमित अग्रवाल, गोपाल प्रधान भी मौजूद थे । राशिका शर्मा ने संस्थान के सोशल मीडिया प्रसार की जानकारी दी। मार्गदर्शक प्रदीप अग्रवाल ने आभार जताया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!