ब्यावर: श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय, ब्यावर में 5 राज गर्ल्स बटालियन, एनसीसी, उदयपुर द्वारा एनसीसी भर्ती प्रक्रिया का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में प्रथम वर्ष की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भारतीय सेना के अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्रसेवा की भावना से जुड़ने की अपनी इच्छा व्यक्त की।
भर्ती प्रक्रिया का संचालन गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर जीसीआई शालिनी सक्सेना के निर्देशन में किया गया।
इस दौरान हवलदार हरीश कुमार एवं हवलदार मौर्य कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने पूरी चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया तथा छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
एनसीसी भर्ती के अंतर्गत छात्राओ की विभिन्न चरणों में गहन परीक्षा ली गई। सबसे पहले छात्राओं की शारीरिक दक्षता (दौड़) के माध्यम से उनकी सहनशक्ति एवं फिटनेस का मूल्यांकन किया गया। इसके पश्चात लिखित परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें सामान्य ज्ञान, एनसीसी के प्रति जागरूकता तथा बौद्धिक क्षमता का परीक्षण किया गया। अंतिम चरण में व्यक्तिगत साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, संवाद कौशल एवं राष्ट्रसेवा के प्रति उनके दृष्टिकोण का आकलन किया गया।
भर्ती प्रक्रिया के सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 17 छात्राओं (कैडेट्स) का एनसीसी के लिए चयन किया गया। चयनित छात्राओं ने अपनी शारीरिक क्षमता, मानसिक दक्षता, आत्मविश्वास एवं अनुशासन का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने कहा कि एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रभक्ति जैसे श्रेष्ठ संस्कारों का विकास करने का सशक्त माध्यम है। वर्द्धमान शिक्षण समिति सदैव छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ ऐसी गतिविधियों को प्रोत्साहित करती रही है, जो उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक और सक्षम नेतृत्वकर्ता बनने की दिशा में प्रेरित करें।
महाविद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि चयनित छात्राएँ एनसीसी के माध्यम से महाविद्यालय का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगी तथा अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना के साथ समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँगी।