अजमेर, 6 अगस्त । राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती हेतु साक्षात्कार का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसके तहत निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 14 से 21अगस्त 2026 तक 5 विभिन्न पदों के साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।सहायक आचार्य (संस्कृत शिक्षा विभाग) भर्ती -2024 अंतर्गत अंग्रेजी विषय के पदों हेतु साक्षात्कार 14 अगस्त 2026 तथा हिंदी विषय के पदों हेतु प्रथम चरण के साक्षात्कार 17 से 21 अगस्त 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।
सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) भर्ती – 2023 अंतर्गत इतिहास विषय के पदों हेतु साक्षात्कार का अंतिम चरण 17 से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा। लाइब्रेरियन (कॉलेज शिक्षा विभाग) भर्ती -2023 अंतर्गत साक्षात्कार का छठवां चरण 17 से 21 अगस्त 2026 तथा सब इंस्पेक्टर – टेलीकॉम गृह (ग्रुप – 1) विभाग भर्ती – 2024 के तहत साक्षात्कार का अंतिम चरण 17 से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
साक्षात्कार के समय सभी अभ्यर्थी नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, नवीनतम स्पष्ट फोटोयुक्त मूल पहचान-पत्र और सभी मूल प्रमाण-पत्र मय फोटोकॉपी के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें अन्यथा साक्षात्कार से वंचित कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के साक्षात्कार पत्र आयोग की वेबसाइट पर यथा समय अपलोड कर दिए जाएंगे।